Beparwah: फिल्म निर्माता अली अब्बास जफर की रोमांटिक ड्रामा फिल्म, जिसमें ‘सैयारा’ से चर्चा में आए अहान पांडे और ‘अल्फा’ स्टार शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, का नाम ‘बेपरवाह’ रखा गया है, निर्माताओं ने इसकी घोषणा की। यश राज फिल्म्स के बैनर तले आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित ये फिल्म, लगभग एक दशक के अंतराल के बाद जफर की इस प्रोडक्शन हाउस में वापसी जैसा है। इससे पहले उन्होंने वाईआरएफ के लिए 2017 में ‘टाइगर जिंदा है’ का निर्देशन किया था।
‘बेपरवाह’ 26 मार्च 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, वाईआरएफ ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट के जरिए ये घोषणा की, जिसमें फिल्म का पोस्टर भी शामिल था। पोस्टर में, दोनों कलाकार एक-दूसरे के सामने खड़े हैं और उनके माथे आपस में जुड़े हुए हैं। अहान पांडे के हाथ में बंदूक है, जबकि शरवरी के पास गिटार है।
कैप्शन में लिखा है, “प्यार में बेखौफ… #बेपरवाह 26 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में।” इस रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म की शूटिंग मुख्य रूप से ब्रिटेन में हुई है। फिल्म में ऐश्वर्य ठाकरे और बॉबी देओल सहित अन्य कलाकार भी नजर आएंगे।
जफर और वाईआरएफ इससे पहले ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’, ‘गुंडे’, ‘सुल्तान’ और ‘टाइगर जिंदा है’ जैसी हिट फिल्मों में एक साथ काम कर चुके हैं। पिछले साल जुलाई में रिलीज हुई ‘सैयारा’ ने इसके मुख्य कलाकारों- अहान और अनीत पड्डा- को स्टार बना दिया था। वहीं, इम्तियाज अली की बंटवारे पर आधारित ड्रामा फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में अपने अभिनय के लिए शरवरी को काफी तारीफ मिली थी।