Batwara:’बंटवारा 1947′ का फर्स्ट पोस्टर लुक रिलीज, सनी देओल के दमदार अवतार ने बढ़ाई उत्सुकता

Batwara:आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपनी बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का फर्स्ट लुक जारी कर दिया है। इसके साथ ही निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान किया है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म साहस, विस्थापन और संघर्ष की कहानी को पर्दे पर उतारेगी। हाल ही में जारी किए गए कैरेक्टर पोस्टर्स में फिल्म के प्रमुख कलाकारों की दमदार झलक देखने को मिली है।

BATWARA

शबाना आजमी के पोस्टर में वह एक दरवाजे की नक्काशीदार चौखट के पीछे से झांकती नजर आ रही हैं। उनके चेहरे के भाव विभाजन के दौर की पीड़ा, भय और अनिश्चितता को बखूबी दर्शाते हैं।

वहीं सनी देओल का पोस्टर उनके मजबूत और जुझारू किरदार की झलक देता है। उनका प्रभावशाली अंदाज फिल्म के संघर्ष और साहस के विषय को और मजबूत बनाता है।प्रीति जिंटा के पोस्टर में अभिनेत्री सिर पर दुपट्टा ओढ़े गंभीर और चिंतित भावों में नजर आ रही हैं। उनका लुक विभाजन के दौर में लोगों द्वारा झेली गई भावनात्मक उथल-पुथल की कहानी कहता है।

करण देओल का पोस्टर भी काफी प्रभावशाली है। दाढ़ी वाले रफ-टफ लुक में नजर आ रहे करण के पीछे आग और हिंसा का माहौल दिखाई देता है, जो फिल्म की गंभीर और भावनात्मक पृष्ठभूमि को दर्शाता है।अली फज़ल के पोस्टर में अभिनेता चिंतनशील और दर्दभरे भावों के साथ नजर आते हैं। वहीं अभिमन्यु सिंह पारंपरिक कराकुल टोपी और कोट में दिखाई देते हैं, जिनका गंभीर व्यक्तित्व कहानी में उनके अहम किरदार की ओर इशारा करता है।

फिल्म में सनी देओल, शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, अली फज़ल, करण देओल, खुशी हजारे, कनिका कपूर और अभिमन्यु सिंह सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘बंटवारा 1947’ सनी देओल और राजकुमार संतोषी की सुपरहिट जोड़ी को एक बार फिर साथ लेकर आ रही है। इससे पहले दोनों ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी यादगार फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।

फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपरना पुरोहित ने आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले किया है। संगीत की जिम्मेदारी ए.आर. रहमान ने संभाली है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म के संवाद प्रसिद्ध नाटककार असगर वजाहत ने लिखे हैं, जो अपने चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्याइ नई’ के लिए जाने जाते हैं।

गौरतलब है कि 9 जून को सनी देओल ने फिल्म का मोशन पोस्टर और टाइटल साझा किया था। पहले यह परियोजना ‘लाहौर 1947’ नाम से चर्चा में थी, लेकिन अब इसे आधिकारिक तौर पर ‘बंटवारा 1947’ नाम दिया गया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *