Anupam Kher: दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने उस रेलवे ट्रैक का दौरा किया जहां काजोल और शाहरुख खान अभिनीत फिल्म “दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे” का “आइकॉनिक” दृश्य फिल्माया गया था। उन्होंने सरकार से इसे एक पर्यटन स्थल में बदलने का आग्रह किया। ये फिल्म 1995 में रिलीज हुई थी और इसका निर्देशन आदित्य चोपड़ा ने किया था।
इसकी कहानी सिमरन और राज के इर्द-गिर्द घूमती है (जिनका किरदार काजोल और शाहरुख खान ने निभाया है) जो यूरोप की यात्रा के दौरान मिलते हैं और उन्हें एक-दूसरे से प्यार हो जाता है। लेकिन, जब राज को पता चलता है कि सिमरन की शादी पहले ही किसी और से तय हो चुकी है, तो वे उसे अपना बनाने और उसके पिता का दिल जीतने के लिए उसके पीछे-पीछे भारत चला आता है।
‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ सबसे ज्यादा याद की जाने वाली फिल्मों में से एक बनकर उभरी। इसकी कहानी, कलाकारों के अभिनय और गानों की जमकर तारीफ हुई। इस फिल्म के गाने आज भी लोगों के जुबां पर छाए हैं। ट्रेन वाला वे सीन, जिसमें राज सिमरन की ओर अपना हाथ बढ़ाता है और सिमरन ट्रेन की ओर दौड़ती है। ये दृश्य आज तक दर्शकों की यादों में बस हुआ है और इसे कई फिल्मों में दोबारा क्रिएट भी किया गया है।
इस फिल्म में अनुपम खेर ने राज (शाहरुख खान) के पिता धर्मवीर का किरदार निभाया था। उन्होंने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया। यह वीडियो तब का है जब वे आप्टा रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। अभिनेता ने कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि दुनिया भर में मौजूद हर भारतीय इस फिल्म के ट्रेन वाले सीन के बारे में जानता है।
वीडियो में वे कहते दिखे, “मैं एक रेलवे स्टेशन पर आया हूं, यहां एक मशहूर फिल्म का एक मशहूर सीन शूट किया गया था। ये भारतीय सिनेमा के इतिहास का एक ऐसा हिस्सा है जिसे दुनिया भर में हर भारतीय ने जरूर देखा होगा और याद रखा होगा। ये सीन ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का है। ये कुछ ऐसा ही है जैसे ‘द गॉडफादर’ के किसी सीन के लिए सिसिली जाना। ये बहुत ही मशहूर जगह है… मैं यश जी (यश चोपड़ा) और आदि (आदित्य चोपड़ा) का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे इस फिल्म में काम करने का मौका दिया।”
अभिनेता ने एक कैप्शन जोड़ते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान कलाकारों को जरा भी अंदाजा नहीं था कि वे हिंदी फिल्मों के इतिहास में एक ऐसा मील का पत्थर रच रहे हैं। उन्होंने सरकार से ये भी अनुरोध किया कि उस जगह को एक पर्यटन स्थल में बदल दिया जाए।
फिल्म में फरीदा जलाल, मंदिरा बेदी और हिमानी शिवपुरी भी प्रमुख भूमिकाओं में थीं।