Akshaye Khanna: ‘महाकाली’ का टीजर रिलीज, शुक्राचार्य के किरदार में अक्षय खन्ना ने चौंकाया

Akshaye Khanna: अक्षय खन्ना जल्द ही फिल्म ‘महाकाली’ में एक बेहद दमदार और खौफनाक किरदार में नजर आने वाले हैं। मेकर्स ने फिल्म की पहली झलक जारी कर दी है। करीब तीन मिनट लंबे इस टीजर का नाम ‘शुकराचार्य वॉर क्राई’ रखा गया है। टीजर में फिल्म की दुनिया और धर्म-अधर्म के बीच होने वाले महायुद्ध की झलक देखने को मिलती है।

फिल्म की कहानी के केंद्र में असुरों के गुरु शुकराचार्य हैं, जिनका किरदार अक्षय खन्ना निभा रहे हैं। अभिनेता इस भूमिका में बेहद अलग और पहचान में न आने वाले लुक में नजर आ रहे हैं। उनकी दमदार आंखें, लंबी सफेद दाढ़ी, जटाओं का टॉपनॉट और माथे पर पारंपरिक तिलक उनके किरदार को बेहद प्रभावशाली बनाते हैं।

पिछले सप्ताह ही मेकर्स ने अक्षय खन्ना के शुकराचार्य लुक का फर्स्ट लुक जारी किया था, जिसने फैंस के बीच काफी चर्चा बटोरी थी। ‘महाकाली’ के जरिए अक्षय खन्ना तेलुगु सिनेमा में डेब्यू करने जा रहे हैं। टीजर में श्रीया रेड्डी की भी झलक दिखाई देती है। फिल्म के भव्य विजुअल्स इसकी बड़े स्तर की कहानी की ओर इशारा करते हैं। यह फिल्म निर्देशक प्रशांत वर्मा के सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत ‘हनु-मैन’ से हुई थी।

फिल्म का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लुरु कर रही हैं। इसमें अक्षय खन्ना और श्रीया रेड्डी के अलावा भूमि शेट्टी, रोहित सराफ समेत कई कलाकार नजर आएंगे। 14 जुलाई को मेकर्स ने घोषणा की थी कि फिल्म की शूटिंग अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। फिल्म का 125 दिनों का विशाल शूटिंग शेड्यूल पूरा हो चुका है, फिल्म 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *