Malviya Nagar: दिल्ली होटल अग्निकांड, गोद में बच्चा लिए महिला ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग

Malviya Nagar: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में एक इमारत में लगी भीषण आग के दौरान जान बचाने के लिए अपनी गोद में बच्चे को लेकर एक महिला ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी। इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। भीड़भाड़ वाले हौज रानी इलाके में स्थित ‘फ्लोरिश स्टे’ बेड-एंड-ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) होटल में बुधवार सुबह आग लग गई, जिससे वहां फंसे कई लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

जैसे-जैसे घना धुआं पूरी इमारत में फैलने लगा और आग तेजी से फैलती गई, कई लोग खिड़कियों के शीशे तोड़कर मदद के लिए गुहार लगाते दिखाई दिए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ‘‘एक महिला अपनी गोद में छोटे बच्चे को लेकर तीसरी मंजिल से कूद गई। उससे पहले स्थानीय लोगों ने इमारत में फंसे लोगों को बचाने के लिए नीचे जमीन पर गद्दे बिछा दिए थे।’’

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला बच्चे के साथ एक गद्दे पर गिरी और उसे कुछ चोटें आई होंगी। इसके तुरंत बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया, ‘‘महिला बच्चे को कसकर पकड़े हुए थी और जब बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा, तब उसने छलांग लगा दी। लोगों ने पहले ही इमारत के नीचे गद्दे बिछा दिए थे। मां और बच्चा दोनों बच गए, लेकिन ऐसा लगा रहा था कि महिला को चोटें आई हैं।’’

स्थानीय निवासियों ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं के पहुंचने से पहले ही इलाके के लोग बचाव कार्य में जुट गए थे। गद्दों की दुकानों के मालिकों और अन्य लोगों ने इमारत के नीचे सड़क पर गद्दे बिछा दिए थे। अधिकारियों के अनुसार, इस अग्निकांड में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोगों को निकाला लिया गया। मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने कहा कि कई घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *