Delhi Rain: दिल्ली में सुबह कई इलाकों में हल्की बारिश होने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आई और ये 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
इस मौसम केंद्र ने गुरुवार देर रात ढाई बजे से शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे तक 0.1 मि.मी. बारिश भी रिकॉर्ड की, अन्य मौसम केंद्रों में भी न्यूनतम तापमान में इसी तरह की गिरावट देखी गई। पालम में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.2 डिग्री कम है। ये एक दिन पहले की तुलना में 5.6 डिग्री कम रहा।
लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री और रिज में 23.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो गुरुवार की तुलना में क्रमशः 3.2 डिग्री और 4.4 डिग्री कम हैं। मौसम विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, पालम में सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े आठ बजे के बीच 2.9 मि. मी. बारिश हुई। गुरुवार रात 11:30 बजे से देर रात दो बजकर 30 मिनट तक चार मि. मी. बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि अयानगर में सुबह 4.2 मि. मी. बारिश हुई।
इसी के साथ शुक्रवार के लिए भी ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, “दिल्ली के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसी के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। ये हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं।”
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 150 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई के मध्यम श्रेणी में बने रहने का पूर्वानुमान लगाया है।