Delhi Rain: आज दोपहर बाद गुरुग्राम में अचानक मौसम बदल गया, तेज अंधड़ के साथ घने बादल छा गए। तो वहीं दक्षिण दिल्ली में भी झमाझम बारिश शुरू हो गई है। एनसीआर के कई इलाकों में मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया था।
तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश से राजधानी का मौसम सुहावना हो गया है. गुरुग्राम, नोएडा के अलावा दिल्ली के पटेल नगर, दिल्ली छावनी, करोल बाग, मॉडल टाउन, रोहिणी, छतरपुर, मालवीय नगर, महरौली, नजफगढ़, द्वारका, जनकपुरी, राजौरी गार्डन, कनॉट प्लेस, इंडिया गेट समेत पूरे एनसीआर में बरसात हो रही है.
सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. मौसम कार्यालय ने पहले ही गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया था
मौसम विभाग के मुताबिक, ‘दक्षिण-पश्चिम मानसून चार जून, 2026 को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ भागों, पूरे लक्षद्वीप द्वीपसमूह, केरल और माहे, कर्नाटक तथा तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र के शेष भागों, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी तथा दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तक आगे बढ़ गया है.’