Delhi Rain: दिल्ली में आज मौसम ने अचानक करवट लेने के संकेत दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिल्ली में मध्यम से गंभीर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि उत्तरी राजस्थान के हिस्सों में गरज-चमक की गतिविधियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। यह सिस्टम धीरे-धीरे दिल्ली-एनसीआर की ओर बढ़ रहा है और शाम तक राजधानी को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते पेड़ों के गिरने, कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका बनी हुई है। वहीं, सड़कों पर यातायात भी प्रभावित हो सकता है। ओलावृष्टि से फसलों और संपत्ति को नुकसान होने की संभावना जताई गई है।