Delhi: सेना प्रमुख जनरल ने पाकिस्तान को चेताया, कहा- वो तय करे कि भूगोल का हिस्सा बनना है या इतिहास का

Delhi: सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को बहुत सख्त लहजे में चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना और भारत के खिलाफ साजिशें रचना जारी रखता है, तो उसे एक बड़ा फैसला लेना होगा। पाकिस्तान को यह तय करना होगा कि वह भविष्य में दुनिया के नक्शे (भूगोल) पर रहना चाहता है या सिर्फ इतिहास का हिस्सा बनकर रह जाना चाहता है।

जनरल द्विवेदी ने यह बात नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में यूनिफॉर्म अनवेल्ड द्वारा आयोजित एक संवाद सत्र के दौरान कही। उनसे सवाल पूछा गया था कि अगर पिछले साल के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी परिस्थितियां दोबारा बनती हैं, तो भारतीय सेना की प्रतिक्रिया क्या होगी। इसके जवाब में उन्होंने पाकिस्तान को यह सीधा और कड़ा संदेश दिया।

सेना प्रमुख ने सीधे तौर पर कहा, “अगर आपने मुझे पहले सुना है, जो मैंने कहा है, अगर पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना और भारत के खिलाफ काम करना जारी रखता है, तो उन्हें यह तय करना होगा कि वे भूगोल का हिस्सा बनना चाहते हैं या इतिहास का।”

यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश और भारतीय सेना ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ मना रहा हैं। जनरल द्विवेदी की यह संक्षिप्त टिप्पणी पाकिस्तान के लिए एक बड़ी चेतावनी है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत के कड़े रुख को एक बार फिर दोहराया है।

पिछले साल सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शुरुआत हुई थी। यह ऑपरेशन पहलगाम में हुए घातक आतंकी हमले के जवाब में शुरू हुआ था। इस दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। इसके बाद पाकिस्तान ने भी भारत के खिलाफ हमले की कोशिश की थी। जोकि नाकाम रहे।भारत ने उन सभी हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया।

दोनों परमाणु संपन्न देशों के बीच यह सैन्य संघर्ष लगभग 88 घंटों तक चला था। 10 मई की शाम को दोनों पक्षों के बीच एक आपसी समझ बनने के बाद यह संघर्ष रुका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *