CJP Protest: दिल्ली में जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन जारी है। विरोध प्रदर्शन ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया, जिसमें पुलिसकर्मियों पर पथराव और बोतलें फेंकी गईं। इस दौरान पंजाबी बाग के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ACP) जय प्रकाश के माथे पर पत्थर लगने से मामूली फ्रैक्चर हुआ है। इस बीच, पीएम मोदी ने पेपर लीक केस में पहली बार पोस्ट किया है। पीएम ने फास्ट ट्रैक कोर्ट का एलान किया है।
कनॉट प्लेस में मौजूदा स्थिति को देखते हुए एनडीएमसी ने एहतियातन सभी दुकानें, कार्यालय और रेस्तरां को गुरुवार शाम 6:30 बजे तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश एनडीएमसी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के परामर्श के बाद जारी किए गए। एनडीएमसी ने सभी प्रतिष्ठान मालिकों और कब्जाधारकों से अपील की है कि वे आदेश का कड़ाई से पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना, संपत्ति के नुकसान या जनहानि जैसी स्थिति से बचा जा सके।
गलत सूचना से बचें-
दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट डालते हुए जानकारी दी है कि नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) के तहत अधिकारों के रूटीन तिमाही रिन्यूअल को गलत तरीके से चल रहे सीजेपी विरोध-प्रदर्शनों से जोड़ा गया है। यह रिन्यूअल विरोध-प्रदर्शनों से पहले ही हो गया था और यह एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और गलत जानकारी शेयर करने से बचें।
