West Delhi: पश्चिम दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में एक इमारत से कथित तौर पर गिरने से 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उसके पति और दो देवरों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना 18 मई को दसघरा गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, एक महिला (25) के इमारत से गिरने के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना मिली थी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान राजू सिंह की पत्नी के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने कहा कि चूंकि विवाह के सात साल नहीं हुए थे, इसलिए दहेज हत्या से संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू की गई और मामले की सूचना उप-मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम), करोल बाग को दी गई। उन्होंने बताया कि एसडीएम द्वारा महिला के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए गए, जबकि अपराध टीम और रोहिणी स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार के सदस्यों के बयानों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर, इंद्रपुरी थाने में महिला के पति राजू सिंह और उसके दो भाइयों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच जारी है।