New York: न्यूयॉर्क में महिला ने दो लोगों को चाकू मारा, एक की मौत, पुलिस ने हमलावर को गोली मारी

New York: अमेरिका की न्यूयॉर्क सिटी के टाइम्स स्क्वायर पर एक महिला ने अचानक दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गयी। इसके बाद पुलिस ने हमलावर महिला को गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को हुई यह घटना वन टाइम्स स्क्वायर के ठीक बाहर न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के एक उप केंद्र के पास हुई। वन टाइम्स स्क्वायर वही इमारत है, जहां शहर में हर बार नए साल की पूर्व संध्या के ‘बॉल ड्रॉप’ समारोह का आयोजन होता है।

टाइम्स स्क्वायर न्यूयॉर्क के उन इलाकों में शामिल है, जहां सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहते हैं। न्यूयॉर्क पुलिस ने सोमवार शाम एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि क्वींस की रहने वाली 49 साल की महिला ने एक बैग से दो चाकू निकाले और पहले 68 वर्षीय एक व्यक्ति के पेट में चाकू मार दिया। इसके तुरंत बाद उसने मुड़कर 32 साल की एक महिला के पेट में भी चाकू मार दिया। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, 32 साल की महिला की मौत हो गई, जबकि 68 साल के व्यक्ति की हालत स्थिर है। पुलिस ने यह नहीं बताया कि दोनों पीड़ित पर्यटक थे या स्थानीय निवासी। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में कम से कम 10 पुलिस अधिकारी उस महिला के आसपास खड़े दिखाई दे रहे हैं। महिला के हाथों में रसोई में इस्तेमाल होने वाले दो बड़े चाकू थे।

पुलिस आयुक्त जेसिका टिश ने बताया कि अधिकारियों ने महिला को चाकू नीचे रखने के लिए समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद दो पुलिस अधिकारियों ने महिला पर गोली चला दी। टिश ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड में महिला के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख है, लेकिन उसे पहले कभी गिरफ्तार नहीं किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

टिश ने कहा कि ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह संकेत मिले कि यह आतंकवादी हमला था। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि आज जो हुआ, उससे पीड़ित परिवारों की जिंदगी पूरी तरह बिखर गई है। हम उनके दुख को समझते हैं और उनके साथ खड़े रहेंगे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *