Crude Oil: कच्चे तेल के दाम में उछाल से सेंसेक्स 1,837 अंक फिसला,

Crude Oil:  स्थानीय शेयर बाजारों में भारी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,837 अंक का गोता लगा गया, जबकि एनएसई निफ्टी 602 अंक लुढ़क गया। पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त होने के कोई संकेत नहीं होने के साथ वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख से घरेलू बाजार में गिरावट रही। युद्ध अब चौथे सप्ताह में पहुंच गया है।

इसके कारण कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, विदेशी संस्थागत निवेशकों की निरंतर पूंजी निकासी और रुपये की विनिमय दर में गिरावट को देखते हुए निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,836.57 अंक यानी 2.46 प्रतिशत टूटकर 72,696.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार दौरान, एक समय यह 1,974.52 अंक का गोता लगाकर 72,558.44 अंक पर आ गया था।

पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 601.85 अंक यानी 2.60 प्रतिशत लुढ़ककर 22,512.65 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में से टाइटन में सबसे अधिक 6.24 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एचसीएल टेक, पावर ग्रिड, इन्फोसिस और टेक महिंद्रा शामिल हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.97 प्रतिशत चढ़कर 113.3 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच कर गया। मझोली कंपनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 3.82 प्रतिशत टूटा जबकि छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप 3.66 प्रतिशत के नुकसान में रहा।

बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में से 3,798 शेयर नुकसान में रहे जबकि 635 में तेजी रही। वहीं 123 के भाव अपरिवर्तित रहे। बीएसई सेंसेक्स 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद से 8,590.8 अंक यानी 10.56 प्रतिशत नीचे आया है, जबकि निफ्टी 2,666 अंक यानी 10.58 प्रतिशत टूटा है।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग भारी गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में भारी गिरावट देखी गई। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को काफी नुकसान में रहे थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 5,518.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,706.23 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

विदेशी निवेशकों ने इस महीने अब तक भारतीय शेयर बाजार से 88,180 करोड़ रुपये (लगभग 9.6 अरब अमेरिकी डॉलर) निकाले हैं। सेंसेक्स शुक्रवार को 325.72 अंक चढ़कर 74,532.96 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 112.35 अंक की तेजी के साथ 23,114.50 अंक पर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *