America: ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को ‘पूरी तरह’ बंद करने और बिजली संयंत्रों पर हमला करने की धमकी दी

America:  अमेरिका और ईरान द्वारा युद्ध के दौरान महत्वपूर्ण बुनियादी और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाने की धमकी के बीच तेहरान और उसके सहयोगी लेबनानी आतंकवादी समूह हिजबुल्ला ने इजराइल पर हमले तेज कर दिए।

ईरान ने कहा कि अगर अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ऊर्जा संयंत्रों पर हमले की नयी धमकी पर अमल करता है, तो तेल और अन्य निर्यात के लिए महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत ‘‘पूरी तरह से बंद’’ कर दिया जाएगा। ट्रंप ने शनिवार देर रात जलडमरूमध्य को खोलने के लिए 48 घंटे की समयसीमा तय की है।

ईरान की संसद के अध्यक्ष ने कहा कि तेहरान क्षेत्र में अमेरिकी और इजराइली ऊर्जा एवं अन्य बुनियादी ढांचे के खिलाफ भी जवाबी कार्रवाई करेगा। ईरान ने शनिवार देर रात दक्षिणी इजराइल के दो इलाकों पर मिसाइल हमले किए, जिससे इमारतें क्षतिग्रस्त हो गयीं और कई लोग घायल हो गए। ये हमले इजराइल के मुख्य परमाणु अनुसंधान केंद्र के पास हुए।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि डिएगो गार्सिया पर हाल ही में ईरान द्वारा किए गए मिसाइल हमलों से स्पष्ट होता है कि फारस खाड़ी का देश यूरोप तक मार करने की क्षमता रखता है और वह पूरी दुनिया के लिए खतरा पैदा करता है। नेतन्याहू ने दक्षिणी इजराइली शहर अराद का रविवार को दौरा किया, जिस पर शनिवार शाम ईरान ने मिसाइल हमले किए थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका देश और अमेरिका पूरी दुनिया की ओर से मिलकर लड़ रहे हैं।

इन घटनाक्रमों से संकेत मिलता है कि युद्ध अपने चौथे हफ्ते की शुरुआत में एक खतरनाक नए चरण में प्रवेश कर रहा है। इस युद्ध को अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को शुरू किया था। पिछले हफ्ते ट्रंप ने ये टिप्पणी की थी कि वे इन अभियानों को खत्म करने पर विचार कर रहे हैं।

इस युद्ध में अब तक 2,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, वैश्विक अर्थव्यवस्था हिल गई है और तेल की कीमतें आसमान छूने लगी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *