Delhi Budget: दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र ‘खीर’ समारोह के साथ शुरू होगा, जबकि विपक्षी आम आदमी पार्टी (एएपी) ने सत्र का बहिष्कार करने की धमकी दी है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खीर समारोह में शामिल होंगी और सदन में दिल्ली की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश किये जाने की संभावना है।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की विधायक शिखा राय विपक्षी दलों के खिलाफ सदन में निंदा प्रस्ताव पेश करेंगी, जिन्होंने हाल ही में लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और दूसरे दलों के समर्थन वाले इस प्रस्ताव को लोकसभा में खारिज कर दिया गया था।
इससे पहले दिन में विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा कि अगर अध्यक्ष पार्टी के चार विधायकों का निलंबन रद्द नहीं करते हैं तो आम आदमी पार्टी के विधायक सत्र का बहिष्कार करेंगे। आम आदमी पार्टी के चार विधायकों मुख्य सचेतक संजीव झा, जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार और सोमदत्त को जनवरी में हुए विधानसभा सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। उनका निलंबन अब भी जारी है, क्योंकि सदन का पिछला सत्र स्थगित नहीं किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि ‘आप’ के चारों विधायकों को पूरे सत्र के लिए निलंबित किया गया और बजट सत्र के विधिवत स्थगित होने पर उनका निलंबन रद्द कर दिया जाएगा। विपक्ष की नेता ने अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को लिखे पत्र में ‘एएपी’ विधायकों के साथ किए गए व्यवहार पर चिंता जताते हुए कहा कि ये लोकतांत्रिक मूल्यों और स्थापित विधायी प्रक्रियाओं के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अध्यक्ष इन चिंताओं पर ध्यान देंगे और ये सुनिश्चित करेंगे कि विधानसभा स्थापित विधायी परंपराओं के अनुसार कार्य करे। आतिशी ने आम आदमी पार्टी के चार विधायकों का निलंबन रद्द करने की भी मांग की।
मुख्यमंत्री 24 मार्च को अपना दूसरा सालाना बजट पेश करेंगी। सत्र के पहले दिन दिल्ली के वित्त, राजस्व, देखभाल की जरूरत वाले बच्चों, दिल्ली जल बोर्ड आदि से संबंधित नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (सीएजी) की अलग-अलग रिपोर्ट भी सदन में पेश की जाएंगी। इसके अलावा लोक लेखा समिति और विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट भी सदन में रखी जाएंगी।