Bihar: मोतिहारी में मुठभेड़ में एसटीएफ जवान और दो गैंगस्टर की मौत, पटना में 5 अपराधी गिरफ्तार

Bihar: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मंगलवार को एक मुठभेड़ में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के एक कर्मी की मौत हो गयी और दो गैंगस्टर भी मारे गए। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, ये मुठभेड़ मंगलवार सुबह के समय जिले के चकिया इलाके में हुई।

मुठभेड़ में जान गंवाने वाले एसटीएफ जवान की पहचान श्रीराम यादव के रूप में की गई है। मुठभेड़ में मारे गए दो अपराधियों की पहचान कुंदन ठाकुर और उसके सहयोगी प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। ठाकुर शस्त्र अधिनियम के कई मामलों में वांछित था।

जिला पुलिस के मंगलवार को जारी बयान में कहा गया, ‘‘एक गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम मंगलवार सुबह के समय चकिया इलाके के एक स्थान पर पहुंची, जहां कुंदन ठाकुर और उसके सहयोगी छिपे हुए थे। पुलिस टीम को देखते ही ठाकुर और उसके साथियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोलियां भी चलायीं। इस दौरान एसटीएफ जवान श्रीराम यादव को गोली लग गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।’’

बयान में कहा गया है कि सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में कुंदन ठाकुर और प्रियांशु कुमार को गोली लगी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि उनके दो बाकी साथी उज्ज्वल कुमार तिवारी और संत कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके पास से एक कार्बाइन, दो पिस्तौल, दो देसी कट्टे, एक रिवॉल्वर और पांच कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने हाल ही में चकिया थाने के अधिकारियों को गंभीर परिणाम भुगतने की फोन पर धमकी दी थी। ये फोन कथित तौर पर नेपाल के एक नंबर से किया गया था। इस बीच, एक और घटना में पटना जिले के पंडारक इलाके में पुलिस ने संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान धीरज कुमार, विपिन कुमार, सुदल यादव, संजीव कुमार और संधीर कुमार के रूप में हुई है। ये मुठभेड़ सोमवार देर शाम हुई।

पटना पुलिस के जारी बयान में कहा गया है, ‘‘स्थानीय थाने को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी पंडारक इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की और सभी पांच अपराधियों को काबू में कर लिया। आरोपी धीरज कुमार के पैर में गोली लगी है। उसका नजदीकी सरकारी अस्पताल में इलाज हो रहा है और उसकी स्थिति स्थिर बतायी जा रही है।’’

पुलिस ने उनके पास से दो राइफल, एक रिवॉल्वर और 50 से अधिक कारतूस बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *