Assam: सीएम हिमंता ने कांग्रेस नेताओं के आरोपों को बताया ‘दुर्भावनापूर्ण’, मानहानि का मुकदमा किया

Assam: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेताओं द्वारा हाल में एक प्रेस वार्ता में लगाए गए आरोपों को दुर्भावनापूर्ण करार दिया और कहा कि उन्होंने उनके (कांग्रेस नेताओं के) खिलाफ 500 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया।

चार फरवरी को संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए, असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया था कि पार्टी की जांच से पता चला है कि राज्य भर में मुख्यमंत्री और उनके परिवार द्वारा लगभग 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा किया गया है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने ‘एक्स’ पर कहा,“आज मैंने कांग्रेस नेताओं जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के खिलाफ प्रेस वार्ता के माध्यम से मेरे खिलाफ झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक आरोप लगाने के लिए 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करते हुए मानहानि का मुकदमा दायर किया है।”

संवाददाता सम्मेलन के दौरान गोगोई के आरोपों के कुछ घंटों बाद, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने घोषणा की कि वे “झूठे और दुर्भावनापूर्ण” बयान देने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। गोगोई ने सोमवार को एक अन्य पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री पर अपने वीडियो के माध्यम से मुसलमानों के खिलाफ “नरसंहार भड़काने” का भी आरोप लगाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *