BCCI: बीसीसीआई सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में रोहित-विराट का डिमोशन, गिल और बुमराह टॉप वर्ग में

BCCI: बीसीसीआई ने ताजा सालाना अनुबंध में दिग्गज सुपरस्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा को ग्रुप बी में रखा है। इसकी उम्मीद पहले से थी, बीसीसीआई ने सात करोड़ रुपये के रिटेनरशिप शुल्क वाली ए+ वर्ग भी खत्म कर दिया है।

टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कोहली और रोहित एक ही प्रारूप के खिलाड़ी हैं। लिहाजा मानदंडों के मुताबिक उन्हें सबसे ऊंचे वर्ग में नहीं रखा जा सकता था।

दोनों प्रारूपों के कप्तान शुभमन गिल, वरिष्ठ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और प्रमुख टेस्ट ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को ग्रुप ए में बरकरार रखा गया है। बीसीसीआई ने सोमवार को ग्रुप ए, बी और सी में वर्गीकृत 30 पुरुष और 21 महिला क्रिकेटरों को केंद्रीय अनुबंध दिए।

बीसीसीआई ने तीनों वर्गों के लिए रिटेनरशिप शुल्क की राशि का उल्लेख नहीं किया है। हालांकि ए+ वर्ग खत्म करने के बाद, ग्रुप ए की राशि पांच करोड़ रुपये, ग्रुप बी की तीन करोड़ रुपये और ग्रुप सी की एक करोड़ रुपये सालाना थी।

माना जाता है कि ए+ वर्ग पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के कहने पर तत्कालीन प्रशासक समिति ने शुरू किया था। ये वर्ग तीनों प्रारूपों में उत्कृष्टता के लिए था। अभी तक सिर्फ चार लोग ही इस वर्ग में रहे हैं – कोहली, रोहित, जडेजा और बुमराह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *