IND vs PAK: भारत-पाक मैच विवाद में पीसीबी ने फंसाया पेंच, पीएम शरीफ से सलाह लेंगे मोहसिन नकवी

IND vs PAK: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी बांग्लादेश के अपने समकक्ष की सलाह पर भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले का बहिष्कार वापस लेने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अनुरोध करेंगे। ये जानकारी पीसीबी के एक सूत्र ने दी। सूत्र के अनुसार नकवी सोमवार को इस मुद्दे पर हालिया घटनाक्रम की जानकारी प्रधानमंत्री को देंगे। भारत के खिलाफ मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है।

सूत्र ने कहा, “नकवी प्रधानमंत्री को बांग्लादेश, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) क्रिकेट बोर्ड तथा आईसीसी के साथ हुई अपनी बातचीत की जानकारी देंगे और उन्हें इस संकट से अवगत कराएंगे।” सूत्रों ने बताया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम आईसीसी के उपाध्यक्ष और स्वतंत्र निदेशक इमरान ख्वाजा की रविवार को लाहौर में नकवी के साथ हुई बातचीत के दौरान मौजूद थे।

श्रीलंका और यूएई बोर्ड ने भी पाकिस्तान से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। पीसीबी सूत्र ने कहा कि अमीनुल ने बांग्लादेश क्रिकेट के प्रति पाकिस्तान द्वारा दिखाई गई एकजुटता की सराहना करते हुए नकवी से बहिष्कार खत्म करने का अनुरोध किया।

सूत्र ने कहा कि नकवी संभवतः प्रधानमंत्री से टीम को विश्व कप में भारत के खिलाफ खेलने की अनुमति देने का अनुरोध करेंगे। वे प्रधानमंत्री को विशेष रूप से श्रीलंका, यूएई और बांग्लादेश बोर्ड के आग्रह और हाल में हुई बातचीत का ब्योरा देंगे।

इस मामले में हालांकि अंतिम फैसला शरीफ का होगा और पीसीबी उसका पालन करेगी। सूत्र ने कहा कि ख्वाजा के साथ हुई बातचीत में नकवी ने कई मुद्दे उठाए। सूत्र के मुताबिक, ‘‘नकवी ने ख्वाजा से सवाल किया कि अगर पाकिस्तान टीम ने एशिया कप ट्रॉफी किसी भारतीय बोर्ड अधिकारी से स्वीकार करने से इंकार कर दिया होता तो क्या आईसीसी ने चुप्पी साधी होती ।’’

ये ट्रॉफी फिलहाल दुबई स्थित एशियाई क्रिकेट परिषद मुख्यालय के एक बंद कमरे में है। नकवी ने स्पष्ट किया था कि वह मीडिया की मौजूदगी में ट्रॉफी सैंपेंगे। बांग्लादेश को सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इंकार करने के बाद विश्व कप से बाहर किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *