Vikrant Massey: ‘मैं कभी उस फिल्म का हिस्सा ही नहीं रहा’, ‘रामायण’ से बाहर करने की खबरों पर बोले विक्रांत मैसी

Vikrant Massey: अभिनेता विक्रांत मैसी ने निर्माता नितेश तिवारी की आगामी फिल्म ‘रामायण’ से बाहर किये जाने की खबरों का खंडन करते हुए कहा कि वह कभी इस परियोजना में शामिल ही नहीं थे। मीडिया में आई खबरों में दावा किया गया था कि मैसी को शुरुआत में रावण के सबसे बड़े पुत्र और लंका के युवराज मेघनाद की भूमिका के लिए चुना गया था लेकिन अब यह भूमिका राघव जुयाल निभाएंगे।

मैसी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट में लिखा, ‘‘अब अफवाहों पर विराम लगाते हैं, मैं नितेश तिवारी की ‘रामायण’ का कभी हिस्सा नहीं था।’’ राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अभिनेता मैसी ने कहा, ‘‘मेरे स्थान पर कथित तौर पर दूसरे को रखने की खबरें देने वाले कई मीडिया पोर्टल को आवश्यक पृष्ठभूमि जांच करनी चाहिए थी। निराशाजनक! फिर भी, फिल्म का हिस्सा बनने वाले सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं।’’

तिवारी की ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य और भारी बजट की फिल्म के रूप में पेश की जा रही है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी देवी सीता और यश रावण की भूमिका में नज़र आएंगे। फिल्म की अन्य प्रमुख भूमिकाओं में सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में दिखेंगे।

यह दो हिस्सों में रिलीज होगी। इसका पहला भाग दिवाली 2026 के दौरान आईमैक्स में विश्व स्तर पर रिलीज होगा जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 को रिलीज होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *