Netflix: भारत में नेटफ्लिक्स ने 10 साल पूरे कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है और वो इस उपलब्धि को धूमधाम से मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है, इस खास मौके पर स्ट्रीमिंग दिग्गज नेटफ्लिक्स ने 2026 के लिए अलग-अलग शैलियों के 21 नए शो और फिल्मों की एक लंबी श्रृंखला की घोषणा की है। जिसमें बड़े सितारों के साथ ही, रोमांचक कहानियां और ढेर सारे लोकप्रिय किरदारों का तड़का होगा।
इस जश्न में भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारे नज़र आएंगे, जिनमें सनी देओल, सैफ अली खान, अनिल कपूर, आर. माधवन, मनोज बाजपेयी और माधुरी दीक्षित, इनके साथ ही लोकप्रिय धारावाहिकों के नए सीजन भी दिखाए जाएंगे। प्रमुख फिल्मों में से एक है “इक्का” जो कि एक कोर्टरूम ड्रामा है, जिसमें सनी देओल और अक्षय खन्ना आमने-सामने होंगे और रोमांच होगा वकील बनाम वकील का। फिल्म में दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम और संजीदा शेख भी हैं।
अभिनेता सैफ अली खान भारत के पहले लोकतांत्रिक चुनावों पर आधारित ऐतिहासिक ड्रामा “हम हिंदुस्तानी” में मुख्य भूमिका निभाएंगे, वहीं अनिल कपूर विजय वर्मा के साथ आगामी फिल्म “फैमिली बिजनेस” में कॉर्पोरेट जगत की सत्ता के लिए चल रहे जबरदस्त संघर्ष में नजर आएंगे। सीरीज की बात करें तो, आर. माधवन राजनीतिक ड्रामा “लेगेसी” में मुख्य भूमिका में दिखेंगे, और मनोज बाजपेयी “घुसखोर पंडित” में नैतिक दुविधाओं से जूझ रहे एक पुलिस अधिकारी के रूप में वापसी कर रहे हैं।
नेटफ्लिक्स विशाल भारद्वाज, किरण राव, शकुन बत्रा और विक्रम आदित्य मोटवाने के निर्देशन में बनी “लस्ट स्टोरीज 3” को भी वापस ला रहा है और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने “मिसमैच्ड” के आखिरी सीजन की भी पुष्टि कर दी है।
इसके अलावा, ढिंडोरा 2, मामला लीगल है सीजन 2, युद्ध पर आधारित ड्रामा “ऑपरेशन सफेद सागर” और कई बड़ी फिल्मों को देखते हुए ये कहा जा सकता है कि नेटफ्लिक्स की 2026 की फिल्मों की लिस्ट काफी दमदार है। रिलीज की तारीखें बाद में बताई जाएंगी, लेकिन एक बात साफ है कि नेटफ्लिक्स एक बार फिर भारत के दर्शकों पर बड़ा दांव लगाने जा रहा है।