T20 World Cup: भारत से मैच बॉयकॉट पर भड़के राजीव शुक्ला, कहा- पाकिस्तान को फटकार लगाने का ICC का फैसला सही

T20 World Cup: बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सोमवार को कहा कि टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले मैच के बहिष्कार के गंभीर परिणाम की पाकिस्तान को चेतावनी देकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने सही किया। पाकिस्तान के फैसले की जानकारी आधिकारिक सरकारी बयान के मार्फत मिली जिसे टूर्नामेंट से बांग्लादेश को बाहर किये जाने के राजनीतिक विरोध के रूप में देखा जा रहा है।

आईसीसी ने सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के मैच भारत से हटाकर श्रीलंका में कराने से मना कर दिया था। आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेता दिया है कि इस मैच के बहिष्कार के गंभीर परिणाम हो सकते हैं और ये फैसला खेल के हित में नहीं है।

शुक्ला ने पत्रकारों से कहा, ‘‘आईसीसी ने इस मामले पर बड़ा बयान दे दिया है। इसमें खेल भावना की अहमियत को बताया गया है। हम आईसीसी से सहमत हैं। जब तक आईसीसी से बात नहीं हो जाती, बीसीसीआई कोई बयान नहीं देगा।’’

विवाद की शुरूआत बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर आईपीएल से बाहर करने के फैसले के बाद हुई। इसके बाद बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत आने से इनकार कर दिया। भारत और पाकिस्तान का मैच नहीं होने पर मेजबान प्रसारक को 200 से 250 करोड़ रूपये का नुकसान हो सकता है चूंकि इसके बीच 10 सेकंड के विज्ञापन की दर 40 लाख रूपये तक है।

वॉकओवर मिलने पर भारत को पूरे अंक मिलेंगे, जबकि आईसीसी पीसीबी पर वित्तीय दंड लगा सकता है। वॉकओवर के लिये विरोधी टीम को टॉस के समय मैदान पर मौजूद होना जरूरी है। इसलिये भारतीय टीम श्रीलंका जायेगी और टॉस के समय सूर्यकुमार यादव मौजूद होंगे। पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा के नहीं आने पर मैच रैफरी भारत को वॉकओवर और दो अंक देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *