Dhanteras: धनतेरस पर बाजारों में धनवर्षा की उम्मीद, 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार का अनुमान

Dhanteras: धनतेरस के त्योहार पर देशभर के बाजारों में इस बार भी जमकर खरीदारी होने की उम्मीद है। कारोबारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के अनुमान के मुताबिक, शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर देश में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हो सकता है। इसमें सोने और चांदी की बिक्री का योगदान 60 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा रहने का अनुमान है।

CAIT के मुताबिक, कीमती धातुओं के दाम ऊंचे होने के बावजूद ग्राहकों में त्योहार को लेकर खरीदारी का उत्साह बना हुआ है। लोग सोने-चांदी के गहनों, सिक्कों और पारंपरिक उपहारों की खरीदारी कर रहे हैं।

ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF) ने भी बाजार में खरीदारी के रुझान को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। संगठन के अनुसार, इस बार हल्के वजन की ज्वेलरी, चांदी के सिक्कों और पारंपरिक उपहारों की मांग में इजाफा हुआ है। महंगे सोने के बीच ग्राहक किफायती विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।

ज्वेलर्स के मुताबिक, 14 और 18 कैरेट सोने से बने हल्के आभूषण खरीदारों की पसंद बन रहे हैं। इसके अलावा चांदी के सिक्कों और सजावटी वस्तुओं की बिक्री भी अच्छी रहने की उम्मीद है। धनतेरस पर शुभ मानी जाने वाली वस्तुओं की खरीदारी की परंपरा के चलते मछली, कछुए और हाथी की आकृतियों वाली सजावटी मूर्तियों की भी बाजार में अच्छी मांग है। इन उत्पादों को लोग शुभता और समृद्धि का प्रतीक मानकर खरीद रहे हैं।

गौरतलब है कि धनतेरस पर सोना, चांदी और नए सामान खरीदना शुभ माना जाता है। हर साल इस अवसर पर बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। हालांकि, इस बार कीमती धातुओं की बढ़ी हुई कीमतों ने खरीदारी के पैटर्न में बदलाव किया है। लोग भारी गहनों के बजाय हल्के आभूषण और कम मात्रा में खरीदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, बीते एक सप्ताह में सोने के भाव में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन पिछले साल के मुकाबले इसकी कीमत करीब 20 प्रतिशत अधिक बनी हुई है। खबर लिखे जाने तक 24 कैरेट सोने का भाव 1,41,840 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

CAIT का अनुमान है कि धनतेरस के दिन देशभर में होने वाले कुल कारोबार का बड़ा हिस्सा सोने और चांदी की खरीदारी से आएगा। दोनों धातुओं का संयुक्त कारोबार 60 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच सकता है। इस बीच, ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन ने बताया कि वह देश के अलग-अलग बाजारों से बिक्री के आंकड़े और ग्राहकों की प्रतिक्रिया जुटा रहा है। इसके आधार पर शाम तक विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी। इस रिपोर्ट से पता चलेगा कि धनतेरस के दिन सोने-चांदी के गहनों, सिक्कों और अन्य पारंपरिक उत्पादों की बिक्री किस स्तर तक पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *