Ramayana: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अपनी आगामी फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर पति रणबीर कपूर की मेहनत और समर्पण की जमकर सराहना की है, सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए आलिया ने कहा कि उन्हें रणबीर के साथ-साथ फिल्म से जुड़े हर उस शख्स पर गर्व है, जिसने इस बड़े सिनेमाई प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए अपना पूरा योगदान दिया है।
आलिया ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के सेट की दो खास तस्वीरें भी साझा कीं। इन तस्वीरों में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वह अपनी बेटी राहा कपूर के साथ प्यार भरे पल बिताते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में राहा उन्हें गले लगाती नजर आ रही हैं।
अपनी पोस्ट में आलिया ने रणबीर की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्होंने फिल्म के लिए अपनी पूरी ऊर्जा और मेहनत लगा दी, लेकिन इसके बावजूद बेटी राहा के लिए उनका प्यार और समय कम नहीं हुआ। अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें रणबीर और इस फिल्म को बनाने में जुटी पूरी टीम पर बेहद गर्व है।
आलिया ने यह भी कहा कि कुछ कहानियां किसी एक व्यक्ति या दौर से कहीं बड़ी होती हैं और ‘रामायण’ ऐसी ही एक अमर कहानी है। गौरतलब है कि ‘रामायण: पार्ट 1’ भारतीय महाकाव्य रामायण पर आधारित दो भागों में बनने वाली भव्य फिल्म का पहला हिस्सा है। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं।
इस प्रोजेक्ट का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और अभिनेता यश की कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता बनी हुई है।