Nayanthara: साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री नयनतारा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘मुकुथी अम्मन 2’ को लेकर चर्चा में हैं, छह नवंबर को फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेत्री मंगलवार को चेन्नई के थंबू चेट्टी स्ट्रीट स्थित प्रसिद्ध अरुलमिगु कालीकंबल मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना कर देवी का आशीर्वाद लिया।
मंदिर पहुंचीं नयनतारा को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक जमा हो गए। अभिनेत्री इस दौरान गहरे नीले रंग की साड़ी में नजर आईं, जिसके बॉर्डर पर लाल-नारंगी रंग की खूबसूरत डिजाइन थी। पारंपरिक नथ, बड़े झुमके और चमेली के फूलों से सजे जूड़े में उनका पारंपरिक अंदाज देखने को मिला। प्रशंसक उन्हें ‘लेडी सुपरस्टार’ के नाम से पुकारते हैं। मंदिर में पूजा करने के साथ ही नयनतारा ने सामाजिक सेवा में भी हिस्सा लिया। उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं को साड़ियां और जरूरत का अन्य सामान वितरित किया। इसके अलावा, उन्होंने अन्नदानम कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धालुओं को भोजन भी परोसा।
फिल्म ‘मुकुथी अम्मन 2’ का निर्देशन सुंदर सी ने किया है, जबकि इसकी कहानी वेंकट्ट राघवन ने लिखी है। फिल्म में नयनतारा एक बार फिर देवी मुकुथी अम्मन के किरदार में दिखाई देंगी। उनके साथ दुनिया विजय, रेजिना कैसेंड्रा, उर्वशी, योगी बाबू और इलावरासन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी हिपहॉप तमिझा ने संभाली है। गोपीनाथ वेणुगोपाल ने सिनेमैटोग्राफी और फेनी ओलिवर ने एडिटिंग का काम किया है। इस प्रोजेक्ट को ईशारी के. गणेश ने अपने प्रोडक्शन हाउस ‘वेल्स फिल्म इंटरनेशनल’ के बैनर तले बनाया है।
बता दें कि ‘मुकुथी अम्मन 2’ साल 2020 में आई तमिल फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म ‘मुकुथी अम्मन’ का सीक्वल है। पहली फिल्म का निर्देशन आर. जे. बालाजी ने किया था, जबकि एन. जे. सरवनन ने सह-निर्देशक की भूमिका निभाई थी। इसमें नयनतारा के अलावा आर. जे. बालाजी, उर्वशी, स्मृति वेंकट, मौली और अजय घोष भी नजर आए थे।
पहली फिल्म की कहानी एक न्यूज एंकर के इर्द-गिर्द बुनी गई थी, जो एक ढोंगी बाबा का पर्दाफाश करने के लिए देवी मुकुथी अम्मन की मदद लेता है। कोविड-19 महामारी के चलते फिल्म की सिनेमाघरों में रिलीज की योजना बदलनी पड़ी थी और इसे 14 नवंबर 2020 को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज किया गया। दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों ने भी फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया दी थी, अब इसके दूसरे भाग में नयनतारा को एक बार फिर देवी के किरदार में देखने के लिए प्रशंसक उत्साहित हैं।