Haryana: हरियाणा के नूंह जिले में इस बार प्याज की खेती करने वाले किसानों के लिए सीजन बेहतर साबित हो रहा है। फसल की अच्छी पैदावार के साथ दिल्ली-NCR के बाजारों में हरे प्याज की लगातार बनी मांग ने किसानों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। जिले में 7,700 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर प्याज की खेती की गई है। यहां की मिट्टी और अनुकूल मौसम को प्याज उत्पादन के लिए फायदेमंद माना जा रहा है, जिसका असर इस बार फसल की गुणवत्ता और पैदावार पर भी दिखाई दे रहा है।
किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने के लिए बागवानी विभाग भी सक्रिय है। विभाग की ओर से खेती की नई तकनीकों को अपनाने के लिए आर्थिक सहायता और जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों का कहना है कि पिछले साल फसल को हुए नुकसान के बाद इस बार अच्छी पैदावार से उन्हें काफी राहत मिली है। वे बेहतर उत्पादन का श्रेय बागवानी विभाग से मिले निरंतर सहयोग और तकनीकी सलाह को भी दे रहे हैं।
मेवात के खेतों से लेकर दिल्ली-NCR की थोक मंडियों तक प्याज की आपूर्ति किसानों के लिए अहम बनी हुई है। अब उनकी नजर बाजार में मिलने वाले दामों पर है, ताकि इस सीजन में हुई अच्छी पैदावार के साथ मुनाफे को भी बरकरार रखा जा सके।