CM Yogi: धनतेरस पर यूपी की सभी मंडियों में मनेगा दीपोत्सव, स्वच्छता और किसान कल्याण को मिलेगा बढ़ावा

CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार कृषि मंडियों को स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर व्यापारिक गतिविधियों के अनुकूल बनाने पर जोर दे रही है। इसी उद्देश्य से मंडी परिषद की ओर से संचालित ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान’ के तहत 6 नवंबर 2026 को धनतेरस के दिन प्रदेश की सभी मंडी समितियों में दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ किसानों और व्यापारियों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही, सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने इस आयोजन को लेकर सभी मंडी समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, किसानों, व्यापारियों और मंडी समितियों के अधिकारियों-कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा। इसका मकसद मंडियों को महज कृषि उपज की खरीद-बिक्री का स्थान न बनाकर स्वच्छ और सकारात्मक कार्यस्थल के रूप में विकसित करना है।

किसानों को योजनाओं का लाभ और जानकारी पहुंचाने पर जोर

दीपोत्सव के दौरान योगी सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। मंडी परिषद की मुख्यमंत्री कृषक कल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र किसानों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से धनराशि के चेक या प्रारूप चेक भी वितरित किए जाएंगे। इससे किसानों को उपलब्ध सरकारी सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी।

स्वच्छता में योगदान देने वाले किसान-व्यापारी होंगे सम्मानित

मंडियों में साफ-सफाई बनाए रखने और बेहतर व्यापारिक माहौल तैयार करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले किसानों तथा व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, समय पर भुगतान करने और मंडी की व्यापारिक गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने वाले व्यापारियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। सम्मान के तौर पर प्रशस्ति-पत्र और उपयुक्त सामग्री देने की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर की जा सकेगी।

दीपों से जगमगाएंगी मंडियां, उपलब्धियों का होगा प्रचार

धनतेरस के अवसर पर सभी मंडी समितियों को दीपों से सजाया जाएगा, ताकि वहां उत्सव और सकारात्मकता का माहौल बने। इस दौरान मंडी परिषद की कल्याणकारी योजनाओं के साथ ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान’ के तहत संबंधित मंडियों में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की जाएगी। सरकार का लक्ष्य स्वच्छता को केवल विशेष आयोजनों तक सीमित न रखकर मंडियों की नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना है।

मंडियों को आयोजन के लिए मिलेगी निर्धारित धनराशि

दीपोत्सव के आयोजन के लिए प्रत्येक ‘क’ विशिष्ट और ‘क’ श्रेणी की मंडी समिति को 20 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी दी गई है। वहीं, अन्य श्रेणी की मंडियों के लिए 10 हजार रुपये प्रति मंडी स्वीकृत किए गए हैं। इस धनराशि का उपयोग तय वित्तीय नियमों और प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।

नोडल अधिकारी रखेंगे कार्यक्रम पर नजर

आयोजन की निगरानी के लिए संबंधित संभाग के संभागीय उप निदेशक (प्रशासन/विपणन) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, उप निदेशक (निर्माण) आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएंगे। सभी मंडी समितियों को दीपोत्सव के आयोजन, कराई गई गतिविधियों और सम्मानित किसानों एवं व्यापारियों का पूरा विवरण मंडी परिषद मुख्यालय को भेजना होगा।

इस पहल के जरिए प्रदेश की मंडियों में जनभागीदारी बढ़ाने, स्वच्छता को स्थायी कार्यसंस्कृति बनाने और किसानों व व्यापारियों के योगदान को पहचान देने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *