Rashid Khan ने रचा इतिहास, T20 इंटरनेशनल में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने

Rashid Khan: अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जहां अब तक कोई दूसरा गेंदबाज नहीं पहुंच सका है। उन्होंने गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में 200 विकेट पूरे कर इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि के साथ वह पुरुषों के टी20 इंटरनेशनल में विकेटों का दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं।

राशिद खान ने जिम्बाब्वे के विकेटकीपर बल्लेबाज तदिवनाशे मारुमनी को अपना शिकार बनाकर यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया। उस समय जिम्बाब्वे की टीम अफगानिस्तान से मिले 222 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी।

अफगानिस्तान के इस अनुभवी गेंदबाज ने अपने करियर के 120वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 200 विकेट का आंकड़ा छुआ। इस रिकॉर्ड के साथ ही उन्होंने इस प्रारूप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली है।

राशिद खान ने इस मामले में अन्य गेंदबाजों को काफी पीछे छोड़ दिया है। इंग्लैंड के आदिल राशिद इस सूची में उनसे 29 विकेट पीछे हैं। राशिद की यह उपलब्धि टी20 क्रिकेट में उनकी निरंतरता और शानदार गेंदबाजी क्षमता का बड़ा प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *