Cricket: लंबे समय तक खराब फॉर्म से जूझने के बाद, हरमनप्रीत कौर ने दिन में तीन बार बैटिंग सेशन करके अपनी लय वापस पा ली है। पूर्व भारतीय कप्तान का कहना है कि अपनी बैटिंग रिदम बनाए रखने के लिए उन्हें बहुत ज्यादा ट्रेनिंग की जरूरत होती है। हरमनप्रीत का खराब फॉर्म चर्चा का विषय बना हुआ था, लेकिन उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ आखिरी टी20 मैच में 41 गेंद पर नाबाद 91 रन की तूफानी पारी खेलकर शानदार वापसी की। इसके बाद उन्होंने एक दिवसीय श्रृंखला के दूसरे मैच में 126 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर अपनी इस लय को बरकरार रखा।
बीसीसीआई की तरफ से शेयर किए गए एक वीडियो में, उन्होंने अपनी साथी खिलाड़ी दीप्ति शर्मा (जिन्होंने भी शतक लगाया था) से कहा, “मैंने घर पर बहुत प्रैक्टिस की है। आप जितनी ज्यादा बैटिंग करते हैं, उतना ही आपका आत्मविश्वास बढ़ता है। मैंने सुबह, दोपहर और शाम- यानी तीन सेशन में बैटिंग की।” उन्होंने कहा, “मुझे बहुत ज्यादा ट्रेनिंग की जरूरत होती है। अपनी उम्र को देखते हुए, मैं अपनी फिटनेस पर काफी समय देती हूं। इसके अलावा, मैंने बहुत ज्यादा बैटिंग की क्योंकि मुझे लगा कि मेरी बैटिंग में थोड़ी कमी रह गई थी। घर पर बिताया गया समय अब मेरे काम आ रहा है।”
दूसरे एक दिवसीय मैच में, कप्तान स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के जल्दी आउट हो जाने के बाद हरमनप्रीत कौर बल्लेबाजी करने उतरी थीं। शुरुआती झटकों से दबाव में आने के बजाय, उन्होंने और ओपनर प्रतिका रावल (61 रन) ने मिलकर पारी को संभाला और 124 रन की साझेदारी की।इसके बाद हरमनप्रीत ने दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर 153 रन की एक और अहम साझेदारी की, जिसमें दीप्ति ने नाबाद 106 रन बनाए।
भारत ने ये मैच 121 रन से जीता और तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।
उन्होंने कहा, “मैं प्रतिका से विकेट के बारे में और सामने वाली टीम की गेंदबाजी के बारे में बात कर रही थी। हम बस यही सोच रहे थे कि पारी को कैसे आगे बढ़ाया जाए। दो विकेट जल्दी गिर जाने के बाद, आमतौर पर बल्लेबाजी करने वाली टीम दबाव में आ जाती है।लेकिन हममें से किसी ने भी दबाव नहीं लिया। हम एक-दूसरे की खूबियों पर भरोसा कर रहे थे।”