Udta Teer: आयुष्मान खुराना की स्पाई कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 4.92 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। फिल्म के निर्माताओं ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। धर्मा प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दर्शकों का फिल्म को मिले प्यार के लिए शुक्रिया अदा किया, इस फिल्म में सारा अली खान भी मुख्य भूमिका में हैं।
प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म के पोस्टर के साथ लिखा, “बड़े पर्दे पर हंसी का जश्न जारी है। प्यार देने के लिए धन्यवाद!” पोस्टर पर बताया गया था कि फिल्म ने पहले दिन 4.10 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। आकाश ए. कौशिक के निर्देशन में बनी ‘उड़ता तीर’ की कहानी एक पाकिस्तानी जासूस की है, जिसका किरदार आयुष्मान खुराना ने निभाया है। एक धमाके के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है और वह खुद को भारत के काउंटर-टेररिज्म स्क्वॉड (आतंकवाद विरोधी दस्ते) का अधिकारी समझने लगता है।
अपनी पहचान को लेकर इस गलतफहमी के कारण कई मजेदार और एक्शन से भरपूर घटनाएं होती हैं। इस दौरान वह सीमा पार जासूसी अभियान में फंस जाता है। फिल्म में राहुल बोस, राम कपूर, सुहेल नय्यर, गुलशन ग्रोवर, दिवंगत मुकुल देव, रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, सुप्रिया पिलगांवकर और संदीप आनंद भी सहायक भूमिकाओं में हैं।
‘उड़ता तीर’ आकाश ए. कौशिक की बतौर निर्देशक पहली फिल्म है। इससे पहले वे ‘हाउसफुल 4’, ‘भूल भुलैया 2’ और ‘भूल भुलैया 3’ जैसी फिल्मों के लेखक के तौर पर काम कर चुके हैं।
यह फिल्म करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस और गुनीत मोंगा के नेतृत्व वाली सिख्या एंटरटेनमेंट के बीच चौथा सहयोग है। इससे पहले दोनों प्रोडक्शन हाउस ‘द लंचबॉक्स’, ‘किल’ और ‘ग्यारह ग्यारह’ जैसी परियोजनाओं पर साथ काम कर चुके हैं।
इस फिल्म के निर्माता अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता और अचिन जैन भी हैं। फिल्म का संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है।