Srinagar: श्रीनगर में सालाना गुलदाउदी प्रदर्शनी की तैयारी, तीन लाख से ज्यादा पौधे बिखेरेंगे खूबसूरत छटा

 Srinagar:  श्रीनगर के नेहरू मेमोरियल बॉटनिकल गार्डन में स्थित जम्मू-कश्मीर के पहले विशेष गुलदाउदी थीम पार्क, ‘बाग-ए-गुल-ए-दाऊद’ में सालाना प्रदर्शनी की तैयारी है। यहां रंगों की छटा आगंतुकों का स्वागत करेगी। इस खास प्रदर्शनी के लिए गुलदाउदी के साढ़े तीन लाख पौधे तैयार किए गए हैं।

पार्क एवं गार्डन विभाग के निदेशक मथूरा मासूम ने बताया कि’ “इस साल तकरीबन 3.5 लाख पौधे लगाए हैं, जो आपको 12 मिलियन से ज्यादा फूल देंगे, क्योंकि ये जो पौधा होता है, एक पौधा लगाने में हमें कम से कम 80 फूल तो निकलते ही हैं और इनकी संख्या 400 के करीब तक पहुंच सकती है। जो हमारा एंट्री प्वाइंट है, वो ही बहुत खूबसूरत है, हम बेंच उपलब्ध करा रहे हैं, बैठने की व्यवस्था है, वॉशरूम के इंतजाम हैं, उसके अलावा हैंडीक्राफ्ट विभाग की तरफ से कुछ स्टॉल भी लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को सब कुछ एक ही जगह पर मिल सके।”

“पिछले साल जब हमने गुलदाउदी प्रदर्शनी शुरू की थी तो बॉटैनिकल गार्डन में बहुत भीड़ थी। एक लाख से ज्यादा लोग आए और ये महज एक शुरुआत थी, लोगों को पता नहीं था। इस साल आप यकीन नहीं करेंगे कि हमारे कितने कॉल्स आते हैं बाहर से कि गुलदाउदी पार्क कब खुल रहा है।”

अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार से शुरू होने वाली गुलदाउदी प्रदर्शनी को लेकर आगंतुकों के बीच काफी दिलचस्पी दिख रही है। वसंत ऋतु में खिलने वाले ट्यूलिप के विपरीत गुलदाउदी का बगीचा लगभग दो महीनों तक खिला रहने की उम्मीद है। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को कश्मीर के खूबसूरत पतझड़ के सुनहरे और जीवंत रंगों का मजा लेने का लंबा मौका मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *