UP News: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मुरादाबाद में बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित मुरादाबाद जिला और महानगर शिक्षक सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक साथियों के साथ संवाद कर शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका, उनके हितों के संरक्षण, विधान परिषद चुनाव तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर अपने विचार साझा किए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति और उसकी भावी पीढ़ी के निर्माता होते हैं। विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एक सशक्त, शिक्षित और विकसित भारत के निर्माण का मार्ग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से होकर गुजरता है, जिसमें शिक्षकों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान, उनके हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षकों के अनुभव, सुझाव और अपेक्षाएं शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक समाज को नई दिशा देने के साथ ही देश की भावी पीढ़ी को योग्य, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने का कार्य करते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव होने हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कहा कि शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के साथ निरंतर संवाद आवश्यक है, ताकि उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को समझकर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण तैयार किया जा सके। शिक्षक सशक्त होंगे, तभी शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा राष्ट्र निर्माण का संकल्प नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
शिक्षकों के योगदान की सराहना की
उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने का सशक्त माध्यम है। शिक्षकों के मार्गदर्शन में ही युवा पीढ़ी देश के विकास और समाज के उत्थान में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह सैनी, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं विधान परिषद सदस्य हरि सिंह ढिल्लों, विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, कुंवर महाराज सिंह एवं श्री गोपाल अंजान, भाजपा प्रदेश मंत्री प्रमेंद्र जांगड़ा, मुरादाबाद के महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भांडुला, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल तथा विधायक श्री रितेश गुप्ता एवं श्री आकाश सक्सेना सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री हरिओम शर्मा ने किया।