Kartik Aaryan: फिल्मकार अनुराग बसु की आने वाली फिल्म 30 अप्रैल, 2027 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के निर्माताओं ने इसकी घोषणा की;, फिल्म में कार्तिक आर्यन और श्रीलीला मुख्य भूमिकाओं में हैं। प्रोडक्शन बैनर टी-सीरीज ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर फिल्म की एक नई तस्वीर शेयर करते हुए ये जानकारी दी। अब तक फिल्म का टाइटल तय नहीं हुआ है।
निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर लिखा, “एक नई कहानी बड़े पर्दे पर सामने आने के लिए तैयार है, जो आपके दिल में बस जाएगी। कार्तिक आर्यन और श्रीलीला अभिनीत इस बिना टाइटल वाली फिल्म का निर्देशन अनुराग बसु ने किया है। भूषण कुमार इसके निर्माता हैं। फिल्म 30 अप्रैल, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। #TSeries”
ये घोषणा फिल्म की शूटिंग में संभावित देरी को लेकर कई महीनों से चल रही अटकलों के बीच हुई है। पहले ये फिल्म 2025 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज को 2026 तक के लिए टाल दिया गया। अब निर्माताओं ने इसकी नई रिलीज डेट की पुष्टि कर दी है। इस साल की शुरुआत में अनुराग बसु ने फिल्म में देरी की अफवाहों को खारिज करते हुए कहा था कि शूटिंग अच्छी तरह आगे बढ़ रही है।
निर्देशक ने एक बयान में कहा था, “हम तय समय के अनुसार ही चल रहे हैं और शूटिंग अच्छी तरह आगे बढ़ रही है।” ये पहली बार है जब कार्तिक आर्यन और श्रीलीला एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे, श्रीलीला इस फिल्म में अभिनेत्री तृप्ति डिमरी की जगह शामिल हुई हैं।
अनुराग बसु की फिल्म का संगीत प्रीतम तैयार कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण टी-सीरीज के बैनर तले भूषण कुमार और कृष्ण कुमार कर रहे हैं। अनुराग बसु अपनी अलग तरह की संगीत-प्रधान कहानी कहने की शैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने इससे पहले बर्फी!, जग्गा जासूस और मेट्रो… इन दिनों जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है।