Imran Khan: मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को जारी किया ‘भारत छोड़ने’ का नोटिस

Imran Khan:  मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को ‘भारत छोड़ने’ का नोटिस जारी किया है, अभिनेता को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान के पास अमेरिकी पासपोर्ट है। वह बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के भांजे हैं।

इमरान खान ने मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित उस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही थी. मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय नागरिक नहीं होने के बावजूद विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के आरोप में इमरान खान के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की धारा 29 और 7 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था।

हिरासत में लिए जाने के बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर साझा की। तस्वीर में वह कथित तौर पर पुलिस वैन के अंदर बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा, “लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।” मीडिया से बातचीत में इमरान खान ने कहा कि वह मुंबई के नागरिक के तौर पर वहां पहुंचे थे और किसी विशेष मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए थे।

उन्होंने आवाजाही की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाने और लोगों की आवाज दबाने पर सवाल उठाए। अभिनेता ने कहा, “मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां इस शहर में रहने वाले एक नागरिक और एक व्यक्ति के तौर पर आया हूं। मैं यह देखने आया हूं कि आवाजाही की स्वतंत्रता को प्रतिबंधित क्यों किया जा रहा है। लोगों की आवाज क्यों दबाई जा रही है? मैं इसी वजह से यहां हूं।”

किरीट सोमैया ने की थी गिरफ्तारी और देश से निर्वासित करने की मांग-

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता किरीट सोमैया ने मुंबई में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर अभिनेता इमरान खान की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें देश से निर्वासित करने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि अभिनेता ने ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) से जुड़े प्रावधानों और वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया है।

सोमैया ने दावा किया कि उन्होंने प्रदर्शन के दौरान अभिनेता के भाषणों और उनकी पूर्व की टिप्पणियों से जुड़े सबूत पुलिस को सौंपे हैं। उन्होंने इमरान खान पर OCI दर्जे का कथित दुरुपयोग करते हुए राजनीतिक आंदोलन में हिस्सा लेने का आरोप लगाया, जिसे उन्होंने अवैध बताया।मीडिया से बातचीत में सोमैया ने अभिनेता पर कथित ‘राजनीतिक उग्रता’ दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी नागरिक और OCI कार्डधारक होने के बावजूद इमरान खान ने अपने दर्जे का दुरुपयोग किया है।

सोमैया ने कहा, “भारत के नागरिक इमरान खान की हालिया भारत यात्रा के दौरान दिखाई गई राजनीतिक उग्रता को बर्दाश्त नहीं कर सकते। वह OCI कार्ड रखने वाले अमेरिकी नागरिक हैं, फिर भी उन्होंने अपने दर्जे का कथित दुरुपयोग करने की कोशिश की है। आज हमने उनके आचरण से जुड़े सभी सबूत पुलिस को सौंपे हैं, विशेष रूप से प्रदर्शन के दौरान दिए गए उनके भाषणों और पहले की टिप्पणियों से संबंधित सबूत।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *