Rahul Gandhi: राहुल गांधी ने देशभर में प्रदर्शनों की मैपिंग के लिए ‘सत्याग्रह’ प्लेटफॉर्म किया लॉन्च

Rahul Gandhi: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोगों से ‘सत्याग्रह’ नामक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने साथ हुई “अन्याय” की घटनाओं और संघर्षों की कहानियां साझा करने की अपील की। यह प्लेटफॉर्म देशभर में हो रहे प्रदर्शनों और आंदोलनों की जानकारी को एक जगह जुटाने, उन्हें इंटरैक्टिव मैप पर प्रदर्शित करने और समान मुद्दों से जुड़े लोगों को आपस में जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रदर्शनकारी अपने मुद्दे और आंदोलन से जुड़ी जानकारी इस प्लेटफॉर्म पर साझा कर सकते हैं। वे इंटरैक्टिव मैप के जरिए देशभर में अपने जैसे आंदोलनों की जानकारी हासिल कर सकते हैं और सीधे समर्थन की मांग भी कर सकते हैं। महात्मा गांधी की विचारधारा का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी ने ‘सत्याग्रह’ को एक शक्तिशाली हथियार बताया। उन्होंने कहा कि सच्चाई के साथ एकजुट होकर खड़ा होना इससे भी बड़ा हथियार है।

उन्होंने कहा, “देशभर में लोग अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर अकेले संघर्ष कर रहे हैं। जेन जी, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं—हर संघर्ष की अपनी कहानी है। लेकिन अकेली उठने वाली आवाज अक्सर दबा दी जाती है। ‘सत्याग्रह’ इन आवाजों को एक नक्शे पर एक साथ लाने की पहल है।”

राहुल गांधी ने लोगों से अन्याय के खिलाफ चल रहे अपने संघर्ष की जानकारी साझा करने की अपील करते हुए कहा कि इसे दर्ज करने में करीब दो मिनट लगेंगे। उन्होंने आगे कहा कि संबंधित व्यक्ति की कहानी मैप पर दिखाई देगी और वह यह भी देख सकेगा कि देश में और कौन लोग इसी तरह के मुद्दों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर वह संसद में, सड़कों पर, पत्र लिखकर या जरूरत पड़ने पर उनके साथ खड़े होकर मदद करने की कोशिश करेंगे।

अपने पोस्ट के साथ साझा किए गए वीडियो में कांग्रेस नेता ने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में महंगाई, किसानों के मुद्दों और महिलाओं की सुरक्षा समेत विभिन्न विषयों को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में लाखों अलग-अलग प्रदर्शन चल रहे हैं और वह इन सभी आंदोलनों से जुड़ी जानकारी को एक जगह एकत्र करना चाहते थे।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से आम लोगों के लिए ‘सत्याग्रह’ वेबसाइट शुरू की गई है। लोग अपने प्रदर्शन का आकार चाहे बड़ा हो या छोटा, उसका विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना नाम, अपने समूह का नाम और प्रदर्शन के मुद्दे की जानकारी देनी होगी। राहुल गांधी ने कहा कि यदि प्रदर्शनकारियों को उनकी मदद की जरूरत होगी तो वह उनका समर्थन करने की कोशिश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *