Rajkummar Rao: अभिनेता राजकुमार राव, जिन्होंने पिछले कुछ सालों में असल जिंदगी पर आधारित कई मुश्किल किरदार निभाए हैं, का कहना है कि बायोपिक फिल्मों में उनका काम ज्यादातर संयोग से हुआ है। 42 साल के इस अभिनेता ने “शाहिद”, “अलीगढ़”, “श्रीकांत” और आने वाली फिल्म “प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम” जैसी कई बायोपिक फिल्मों में काम किया है।
मुंबई में एफआईसीसीआई फ्रेम्स के दूसरे दिन राजकुमार राव ने कहा, “ये बस हो गया। ये महज एक संयोग है। मुझे लगता है कि बायोपिक एक बहुत मुश्किल शैली है और बायोपिक बनाने के लिए इसमें शामिल सभी लोगों को बहुत हिम्मत और साहस की जरूरत होती है। लेकिन मुझे खुशी है कि लोग बायोपिक के लिए मेरे बारे में सोचते हैं, जो फिल्में मैंने की हैं, उनके अलावा भी मुझे कई बायोपिक ऑफर होती हैं।”
फिल्म “प्रहार” में राजकुमार राव मशहूर वकील उज्ज्वल निकम का किरदार निभा रहे हैं। निकम 26/11 मुंबई हमलों के केस में सरकारी वकील थे, जिसमें पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब को मौत की सजा सुनाई गई थी। इस फिल्म को अविनाश अरुण निर्देशित कर रहे हैं, जो “थ्री ऑफ अस” और “पाताल लोक” का निर्देशन कर चुके हैं। इस किरदार की तैयारी के बारे में बात करते हुए राजकुमार राव ने कहा कि शुरू में वह इस किरदार को निभाने को लेकर घबराए हुए थे, क्योंकि उनके और निकम (73) के बीच शारीरिक और आवाज का फर्क था।
उन्होंने कहा, “मैं उन्हें (निकम को) व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता था, (लेकिन) मैंने उनके वीडियो और फोटो देखे थे। लेकिन उन्होंने (निर्देशक अरुण ने) कहा, ‘ये एक रोल है और ये एक बायोपिक है और मैं चाहता हूं कि तुम इसे करो’, और मैं डरा हुआ था कि मैं इसे कैसे करूंगा क्योंकि उम्र का फर्क है, शारीरिक बनावट अलग है, उनकी आवाज भी अलग तरह की है। लेकिन फिर मैंने सोचा कि ये मजेदार होगा क्योंकि जिन चीजों से आपको सबसे ज्यादा डर लगता है, उन्हें करने में मजा आता है।”
राव ने बताया कि किरदार में ढलने के लिए उन्होंने निकम के वीडियो और फोटो देखकर उन्हें समझने में घंटों बिताए और इस रोल के लिए सात से आठ किलो वजन भी बढ़ाया। उन्होंने कहा, “मैंने (26/11) मामले के बारे में बहुत कुछ पढ़ा और कई किताबें देखीं जिनसे मुझे घटना की पूरी जानकारी मिली और ऐसी बातें पता चलीं जो हममें से ज्यादातर लोग नहीं जानते थे- यानी मामले के पीछे क्या हुआ था। तब मैं तैयार था और यही मेरा तरीका था।”
यह पूछे जाने पर कि क्या वह खुद को एक ब्रांड मानते हैं, राव ने इस बात को खारिज कर दिया और जोर देकर कहा कि वह खुद को सिर्फ “एक अभिनेता” मानते हैं और अपनी कला पर ध्यान देना पसंद करते हैं, दिनेश विजन निर्मित ये फिल्म प्रहार 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।