Salman Khan: अभिनेता सलमान खान ने AI के गलत इस्तेमाल पर बात की

Salman Khan:  बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने कुछ यूजर्स द्वारा कृत्रिम बुद्धमत्ता (एआई) के गलत इस्तेमाल की आलोचना की और कहा कि जो लोग फर्जी वीडियो बना रहे हैं, उन्हें जेल में डाल देना चाहिए। खान ने “बिग बॉस 20” में इस मुद्दे पर बात की और कहा कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। ये वीडियो ऑनलाइन शेयर किया गया है।

अभिनेता ने कहा कि एआई की तरक्की “डरावनी” हो गई है। उन्हें ये कहते हुए सुना गया, “किसी ने एआई वीडियो बनाया या एआई से आवाज डब की, तो ये गलत है। एआई ने इतनी तरक्की कर ली है कि ये बहुत डरावना है। ये बहुत गंभीर बात है।” उन्होंने आगे कहा, “आपने कुछ कहा और किसी ने एआई का इस्तेमाल करके उसे एडिट किया और गाली-गलौज की। आपको पता है वे क्या कर रहे हैं? वे बहुत से लोगों के एआई वीडियो बना रहे हैं और मैं भी उस एआई वीडियो में शामिल हूं।”

सलमान खान ने कहा कि सेंसरशिप होनी चाहिए। “जो लोग नहीं जानते कि ये एआई कंटेंट है, वे शायद पोस्ट कर दें कि सलमान खान वहां मौजूद थे। लेकिन जो लोग सच्चाई जानते हैं और फिर भी ऐसा वीडियो बनाते हैं, वे किस तरह के लोग हैं? ऐसे लोगों को जेल में डाल देना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, “जब तक एक-दो लोग जेल नहीं जाएंगे, तब तक ये रुकने वाला नहीं है। इसके लिए एक कानून बनना चाहिए और सोशल मीडिया पर सेंसरशिप होनी चाहिए।”

मशहूर हस्तियों के डीपफेक वीडियो और तस्वीरें एक गंभीर चिंता का विषय बन गए हैं, क्योंकि ऑनलाइन मंचों पर ऐसा कंटेंट तेजी से बढ़ रहा है। रश्मिका मंधाना, कैटरीना कैफ, रणवीर सिंह और आलिया भट्ट जैसे कई कलाकार डीपफेक कंटेंट का शिकार हो चुके हैं। 2023 में जब मंधाना के चेहरा वाला एक डीपफेक वीडियो ऑनलाइन सामने आया, तो इस मुद्दे पर बात करने वाली शुरुआती अभिनेत्रियों में वे शामिल थीं। उन्होंने डीपफेक कंटेंट को “बेहद डरावना” बताया और अमिताभ बच्चन व नागा चैतन्य समेत कई मशहूर हस्तियों ने अभिनेत्री का समर्थन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *