Rain Alert: देश के कई हिस्सों में जमकर बरस रहे हैं बादल, रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

Rain Alert:  छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने वाला है, राज्य में भारी बारिश का दौर जारी रहने की वजह से कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों के लिए रेड एलर्ट, जबकि दक्षिणी जिलों के लिए ऑरेंज एलर्ट जारी किया है।

इस वेदर सिस्टम के अगले दो दिनों तक सक्रिय रहने का अनुमान है। 27 सितंबर से बारिश की गतिविधि काफी कम हो सकती है। बारिश की वजह से तापमान में काफी गिरावट आई थी। हालांकि अब इसमें दो से चार डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने का अनुमान है।

इस बीच, ओडिशा में गहरा अवदाब अब कमजोर पड़ गया है और इसके उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने का अनुमान है। हालांकि, इसकी वजह से पूरे राज्य में पहले ही भारी बारिश हो चुकी है। गुरुवार से कम से कम 24 जगहों पर 100 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। नदियों का स्तर बढ़ने, भूस्खलन होने, जलभराव और कई घरों को नुकसान पहुंचने की वजह से अधिकारियों को स्कूल बंद करने पड़े।

ओडिशा के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में निचले और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लगभग 10,000 लोगों को करीब 200 राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है। शनिवार को भी ओडिशा में इस मौसम प्रणाली की वजह से भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

मानसून की रवानगी से पहले भारी बारिश ने देश के कई हिस्सों में अपनी आगोश में ले रखा है। खासकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ के उन जिलों के लिए ये परेशानी का सबब है, जहां मौसम संबंधी एलर्ट जारी किए गए हैं। हालांकि अगले कुछ दिनों में हालात धीरे-धीरे बदलने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *