Delhi Crime: दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास खुद को पुलिसकर्मी बताकर तीन व्यक्तियों ने 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस के साथ हुई थोड़ी देर चली गोलीबारी के बाद कथित गैंग-रेप के आरोपियों में से एक को पकड़ लिया गया। दिल्ली पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है, जबकि बाकी आरोपियों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के मुताबिक लड़की सोमवार शाम करीब सात बजे अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। अधिकारियों ने बताया कि पूजा-अर्चना करने के बाद दोनों शाम करीब 7.30 बजे एक पार्क में चले गए, जहां 25 से 30 वर्ष की आयु के तीन आरोपी कथित तौर पर उनके पास आए और उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर दोनों को धमकी दी और उनमें से एक ने लड़की के दोस्त को पकड़ लिया, जिसके बाद तीनों व्यक्तियों ने लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर के पास कथित दुष्कर्म के संबंध में रात करीब 8.45 बजे सूचना मिली, जिसके बाद एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली निवासी लड़की को चिकित्सीय जांच के लिए ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि उसके बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है, पुलिस आरोपियों की पहचान करने और घटनाओं के क्रम को सत्यापित करने के लिए पार्क और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।