Ramayana: दिग्गज अभिनेत्री सोनी राजदान ने कहा है कि नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ दर्शकों के लिए ऐसा सिनेमाई अनुभव लेकर आएगी, जिसे उन्होंने पहले कभी नहीं देखा होगा। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। रणबीर, सोनी राजदान की बेटी आलिया भट्ट के पति हैं।
‘रामायण’ को नमित मल्होत्रा की डीएनईजी और प्राइम फोकस स्टूडियोज ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म को बड़े ग्लोबल स्तर पर बनाया गया है। इसके संगीत से ऑस्कर विजेता हंस जिमर और ग्रैमी विजेता जेम्स न्यूटन हॉवर्ड जुड़े हैं। सोनी राजदान ने पीटीआई को दिए इंटरव्यू में कहा कि उन्हें फिल्म का ट्रेलर देखकर लगा कि ये दर्शकों को ऐसी जगह ले जाएगी, जहां वे पहले कभी नहीं गए हैं।
उन्होंने कहा कि उनके लिए फिल्म की सबसे रोमांचक बात यही है कि इसका अनुभव बिल्कुल अलग होने वाला है। सोनी राजदान जल्द ही फिल्म ‘ओम का हरी’ में नजर आएंगी, फिल्म में उनके साथ रघुबीर यादव और आयशा कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं।
फिल्म का निर्देशन हरीश व्यास ने किया है और यह 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, फिल्म के अभिनेता और प्रोड्यूसर अंशुमन झा ने ‘रामायण’ के ट्रेलर को शानदार बताया। उन्होंने कहा कि रामायण और महाभारत हमारे इतिहास का अहम हिस्सा हैं और इतने बड़े स्तर पर इसे दिखाना खूबसूरत है।