Cleanup Day: देश भर के समुद्र तटों पर ‘इंटरनेशनल कोस्टल क्लीनअप डे’ यानी अंतरराष्ट्रीय तटीय सफाई दिवस के मौके पर बड़ी संख्या में स्वंयसेवक जुटे। इस मौके पर दमन के देवका बीच भारतीय तटरक्षक बल ने ‘स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर’ अभियान के तहत एक बड़े सफाई अभियान की अगुवाई की।
तटरक्षक बल के जवानों, छात्रों, एनसीसी कैडेटों और स्वंयसेवकों ने मिलकर समुद्र तट से कचरा हटाया और भारत के समुद्र तटों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
विशाखापत्तनम के रुशिकोंडा समुद्र तट पर भी यही संदेश गूंजा। लोगों ने समुद्र तटों को साफ रखने की अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए एक हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया। छात्रों ने बैनर थामकर लोगों को साफ और सुरक्षित समुद्र का संदेश दिया।
समुद्री प्रदूषण के बारे में जागरूकता बढ़ाने और महासागरों, समुद्र तटों और तटीय पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा के लिए हर साल सितंबर के तीसरे शनिवार को ‘अंतरराष्ट्रीय तटीय सफाई दिवस’ मनाया जाता है। यह दुनिया भर के लोगों को तटीय इलाकों की सफाई करने, प्लास्टिक कचरा कम करने और कचरा प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रोत्साहित करता है।