Karnataka: कर्नाटक के मांड्या में रविवार को भीख मांगकर गुजारा करने वाली एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद, जब पड़ोसियों ने उसकी झोपड़ी में नोटों की गड्डियां और सिक्कों से भरे बोरे देखे, तो वो हैरान रह गए।
लगभग 70 साल की नूरुन्निसा मांड्या के गुट्टालू इलाके में एक छोटी सी झोपड़ी में अकेली रहती थीं। वो शहर के लोगों से मिलने वाली भीख के सहारे गुजारा करती थीं। मस्जिद के उपाध्यक्ष मुख्तार अहमद ने कहा, “उसकी मौत के बाद हमें पता चला कि उसने कुछ पैसे बचाए थे। जब हमने रिश्तेदारों के सामने पैसे गिने, तो वो 8 लाख 40 हजार रुपये निकले। हमने वो रकम उसके रिश्तेदारों को सौंप दी है।”
नूरुन्निसा की मौत रविवार को हुई और बेंगलुरू में रहने वाले उनके दो भाई अंतिम संस्कार के लिए वहां पहुंचे। अंतिम संस्कार के बाद, उनके भाई पड़ोसियों के साथ उनका सामान देखने के लिए उनके घर गए।
उन्हें प्लास्टिक के कवर में 10 और 20 रुपये के नोटों की गड्डियां और बोरों में सिक्के मिले। उनके एक रिश्तेदार ने कहा, “पैसे हमारे सामने ही गिने गए। कुल रकम 8 लाख 40 हजार रुपये थी। फिर मस्जिद के अधिकारियों ने हमें वो रकम दे दी। ”
बाद में ये रकम भाइयों के बीच बराबर-बराबर बांट दी गई।