Cricket: जुरेल शतक के करीब, भारत के आठ विकेट पर 475 रन

Cricket: ध्रुव जुरेल की नाबाद 95 रन की पारी की मदद से भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन सोमवार को यहां चाय के विश्राम तक अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 475 रन बनाए। बारिश के कारण जब चाय का विश्राम निर्धारित समय से पहले लिया गया तब दूसरे छोर पर मोहम्मद सिराज खड़े थे जिन्हें अभी अपना खाता खोलना है।

भारत ने पहले सत्र में सारांश जैन (06) और दूसरे सत्र में ऋषभ पंत (63) और मानव सुथार (18) के विकेट गवाएं। भारत के लिए दूसरे सत्र की शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि पंत ने केशारा नुवांता की गेंद पर सर्कल के बाहरी किनारे पर खड़े लाहिरू उदरा को कैच थमा दिया। पंत और जुरेल ने सातवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की।

उस समय जुरेल 59 रन पर थे, लेकिन उन्हें सुथार के रूप में अच्छा साथी मिला, जिनके साथ उन्होंने आठवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े। सुथार को बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने आउट किया, जिन्होंने विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच दिया। भारत ने सुबह पांच विकेट पर 300 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई तथा पहले सत्र में 119 रन जोड़े।

श्रीलंका को दूसरे दिन सुबह तुरंत ही सफलता मिली जब असिथा फर्नांडो ने जैन को दूसरी स्लिप में कैच आउट कराया। पंत रविवार को मैच के पहले दिन लाहिरु कुमारा की गेंद से हाथ में चोट लगने के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। उन्होंने तीन रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। उन्होंने दो घंटे से भी अधिक समय तक क्रीज पर बिताकर चोट को लेकर चिताओं को दूर कर दिया।

पंत की पारी देखकर लग सकता है कि उनके लिए यह आसान रहा होगा लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं था। तेज गेंदबाज फर्नांडो और कुमारा ने बाउंसरों की बौछार से उनके शरीर को निशाना बनाया। पंत ने इसका बखूबी सामना किया।

इस बीच बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कुमारा की गेंद को फाइन लेग के ऊपर से छक्का मारा। गॉल में पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 66 रन बनाने वाले पंत ने ऑफ स्पिनर केशारा नुवांता की गेंद पर पुल शॉट से चौका लगाकर 81 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर छक्का लगाया। जुरेल ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जयसूर्या की गेंद पर चौका लगाकर इस श्रृंखला में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *