Rahul Gandhi: राहुल गांधी का संसद मार्ग थाने के बाहर धरना, पुलिस कार्रवाई पर FIR की मांग

Rahul Gandhi:  पेपर लीक के खिलाफ हुए छात्रों के प्रदर्शन में पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर एक बार फिर सियासत शुरू हो गई है, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पुलिस कार्रवाई में कथित रूप से पैलेट गन के इस्तेमाल में घायल शख्स को लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे।   राहुल गांधी ने 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल के मामले में FIR दर्ज करने की मांग को लेकर संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर धरना दिया। इस दौरान उनके साथ कथित रूप से पैलेट गन का शिकार हुए साहिल लोचव भी मौजूद रहे।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, साहिल लोचव ने 14 अगस्त को अपने वकीलों के साथ दिल्ली पुलिस से संपर्क कर लिखित शिकायत दी थी। हालांकि, पुलिस ने कथित तौर पर उन्हें शिकायत का I/O नंबर या प्राप्ति की रसीद नहीं दी। इसके बाद 17 अगस्त को ईमेल और फोन के जरिए भी शिकायत पर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन तब भी I/O नंबर या शिकायत की पावती नहीं मिली।

राहुल गांधी लोचव के साथ कार्रवाई की मांग को लेकर डीसीपी कार्यालय पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, वहां भी पुलिस की ओर से केस ऑफिसर की जानकारी या I/O नंबर उपलब्ध नहीं कराया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि कथित घटना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आती है और इसमें FIR दर्ज की जानी चाहिए।

इससे पहले राहुल गांधी ने संसद मार्ग थाने में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर शिकायत दर्ज करने की मांग की। बताया गया कि उन्होंने पहले मंदिर मार्ग थाने जाकर भी मामला दर्ज करने का अनुरोध किया था। पुलिस की ओर से कथित तौर पर मामला दर्ज नहीं किए जाने के बाद वह सेंट्रल डीसीपी से मिलने पहुंचे और बाद में संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पैलेट गन से गोली चलाई गई। उन्होंने दावा किया था कि एक छात्र की आंख की रोशनी जाने का खतरा है और उनके पास AIIMS का मेडिकल प्रमाणपत्र भी है। राहुल गांधी ने पुलिस पर प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ कथित बर्बरता का आरोप लगाते हुए कहा था कि सामान्य लाठियों के अलावा नुकीली लाठियों और शॉक बैटन का भी इस्तेमाल किया गया। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया था।

उन्होंने कहा था कि दिल्ली की सड़कों पर सवाल पूछने वाले छात्रों के साथ कथित तौर पर की गई कार्रवाई गंभीर मुद्दा है। राहुल गांधी ने नाबालिग को पुलिस अधिकारी द्वारा कथित तौर पर थप्पड़ मारे जाने का भी जिक्र किया था। 20 जुलाई के प्रदर्शन में कथित पैलेट गन के इस्तेमाल और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का मुद्दा संसद के मानसून सत्र में भी बड़ा विवाद बना रहा। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष के विरोध के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई। राहुल गांधी के लगातार FIR की मांग पर जोर देने से यह विवाद अभी भी थमता नजर नहीं आ रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *