Afghanistan: अफगानिस्तान की राजधानी में स्कूल के पास ग्रेनेड हमला, 42 बच्चे घायल

Afghanistan:  अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक स्कूल के पास हुए ग्रेनेड हमले में 42 बच्चे घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। काबुल पुलिस के प्रवक्ता खालिद जादरान ने सोमवार देर रात कहा कि ‘‘कई बच्चे’’ घायल हुए हैं और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। अफगानिस्तान के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत रिचर्ड बेनेट ने इस हमले की निंदा की।

बेनेट ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए स्वतंत्र जांच जरूरी है। उन्होंने लिखा, ‘‘एक बार फिर काबुल के हजारा बहुल इलाके को निशाना बनाया गया है। निंदनीय!’’

अफगान मीडिया ने बताया कि विस्फोट में 42 बच्चे घायल हुए। यह विस्फोट राजधानी के अल्पसंख्यक हजारा समुदाय बहुल इलाके में हुआ। अफगानिस्तान में हजारा समुदाय की आबादी करीब नौ प्रतिशत है। यह समुदाय देश में लंबे समय से हमलों और उत्पीड़न का सामना कर रहा है।

अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता पर कब्जा करने से कुछ महीने पहले मई 2021 में काबुल के एक स्कूल में तीन बम विस्फोट हुए थे, जिनमें दर्जनों लोग मारे गए थे। सभी मृतक हजारा समुदाय के थे और उनमें ज्यादातर स्कूली छात्राएं थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *