US Voter ID: ट्रंप ने भारत की चुनाव प्रणाली की तारीफ की, अमेरिका में वोटर ID की उठाई मांग

US Voter ID: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत की मतदाता पहचान व्यवस्था को अमेरिकी चुनावों में फोटो आईडी लागू करने के पक्ष में एक उदाहरण के तौर पर पेश किया। ट्रंप ने मतदाता पहचान नियमों को सख्त करने की मांग फिर सेे दोहराई है। ट्रंप के अनुसार, भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सवाल उठाया था कि अमेरिका में वैध फोटो पहचान पत्र के बिना चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं।

ट्रंप ने इस बातचीत का हवाला देते हुए अमेरिका में हर मतदाता के लिए अनिवार्य फोटो आईडी की वकालत की। ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा कि कुमार ने इस महीने की शुरुआत में उनके प्रशासन के सामने ये मुद्दा उठाया था।

उन्होंने पोस्ट में लिखा, “इस महीने की शुरुआत में, भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हमारे प्रशासन से पूछा- बिना वैध फोटो आईडी के अमेरिका में चुनाव कैसे हो सकते हैं?” ट्रंप ने भारत के 2024 के लोकसभा चुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि भारत में एक प्रतिशत से भी कम मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट का इस्तेमाल किया।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ‘SAVE अमेरिका एक्ट’ के लिए समर्थन जुटाने के मकसद से ये बातें कहीं। इस एक्ट के तहत वोटिंग के लिए रजिस्टर करने के लिए अमेरिकियों को नागरिकता का सबूत दिखाना होगा और मेल के जरिए वोटिंग पर पाबंदी होगी। ट्रंप ने कहा, “भारत के पिछले चुनाव में 64.6 करोड़ वोटर थे! 1 प्रतिशत से भी कम लोगों ने डाक से वोट दिया और हर वोटर के पास एक वैलिड फोटो पहचान पत्र होना जरूरी था। हमें अभी ‘द सेव अमेरिका एक्ट’ पास करने की जरूरत है!”

ट्रंप ‘सेफगार्ड अमेरिकन वोटर एलिजिबिलिटी (SAVE) अमेरिका एक्ट’ को पास कराने पर जोर देते रहे हैं। उनका कहना है कि इससे चुनावी धोखाधड़ी पर रोक लगेगी। हालांकि, इस मुद्दे पर डेमोक्रेट और रिपब्लिकन दोनों ही बंटे हुए हैं।अमेरिकी सीनेट ने इस महीने की शुरुआत में पांच सप्ताह के अवकाश के लिए स्थगित होने से पहले इस कानून को पारित करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *