Congress: जब मैं MLA बना था, तब अमित शाह बच्चे थे- खरगे ने बीजेपी को बताया ‘धर्म-विरोधी’

Congress:  कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने  बीजेपी को ‘धर्म-विरोधी’ बताया। उन्होंने उत्तराखंड में अपने भाषण के बाद हुई कथित ‘शुद्धिकरण’ की रस्म का जिक्र करते हुए सत्ताधारी पार्टी द्वारा ‘धार्मिक मूल्यों की चुनिंदा व्याख्या’ पर सवाल उठाए। दक्षिण गोवा में एक जनसभा के दौरान खरगे ने देशभक्ति के दावों को लेकर बीजेपी पर हमला बोला और पार्टी नेतृत्व को उन सदस्यों की पहचान करने की चुनौती दी जिन्होंने भारत की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी थी।

कांग्रेस प्रमुख की ये टिप्पणियां गोवा में सत्ताधारी बीजेपी और कांग्रेस के बीच देशभक्ति, धर्म, दल-बदल, जमीन के मालिकाना हक और ‘वंदे मातरम्’ से जुड़े हालिया विवाद जैसे मुद्दों पर चल रही बयानबाजी के बीच आई हैं। उन्होंने कहा, “आप (बीजेपी) धर्म-विरोधी हैं क्योंकि जब मेरे जैसा कोई व्यक्ति उत्तराखंड जाकर लाखों लोगों के सामने भाषण देता है, तो दो दिन बाद आप उस जगह पर शुद्धिकरण की रस्म करते हैं।”

ये कथित ‘शुद्धिकरण’ उत्तराखंड के रामलीला मैदान में हुआ था, जहां खड़गे ने 8 अगस्त को भाषण दिया था। उन्होंने आरोप लगाया, “क्या आपका धर्म ये सिखाता है? क्या आपके लोग ये सिखाते हैं? क्या आपके गुरु आपको ऐसा करने के लिए कहते हैं?”

उन्होंने कहा कि धर्म को ऐसी हरकतों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए और बीजेपी की ‘धार्मिक मूल्यों की चुनिंदा व्याख्या’ पर सवाल उठाए। कांग्रेस प्रमुख ने देशभक्ति के दावों को लेकर बीजेपी और आरएसएस की भी आलोचना की और भगवा पार्टी के नेताओं को चुनौती दी कि वो उन लोगों की पहचान करें जिन्होंने इन संगठनों से जुड़कर आजादी की लड़ाई में हिस्सा लिया था।

उन्होंने आरोप लगाया, “हमारे लोगों ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। क्या आप भी लड़े थे? मुझे बताइए, बीजेपी का कौन सा व्यक्ति इस देश की आजादी के लिए लड़ा? आरएसएस का कौन सा व्यक्ति इस देश की आजादी के लिए लड़ा? और आप हमें देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं?” खरगे ने आरोप लगाया कि बीजेपी के पास कांग्रेस नेताओं की देशभक्ति पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *