CJI Surya Kant: कॉकरोच टिप्पणी विवाद CJI ने कहा- मेरा बयान गलत तरीके से किया पेश

CJI Surya Kant: भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने सोशल मीडिया पर अदालती कार्यवाही के वीडियो को प्रसारित किए जाने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया और दुर्भावनापूर्ण इरादे से इस्तेमाल कर देश के युवाओं को गुमराह करने की कोशिश की गई।

15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान सीजेआई ने कुछ ऐसे लोगों की तुलना कॉकरोच से की थी, जिनके पास फर्जी डिग्रियां हैं और जो व्यवस्था पर हमला करने के लिए सोशल मीडिया या सूचना के अधिकार के कार्यकर्ता बन जाते हैं।
सीजेआई की इस टिप्पणी के बाद युवाओं में व्यापक नाराजगी देखने को मिली थी। इसके बाद व्यंग्यात्मक ऑनलाइन आंदोलन “कॉकरोच जनता पार्टी” शुरू हुआ। सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि आजकल अदालती कार्यवाही के वीडियो को सोशल मीडिया पर पर्याप्त संदर्भ के बिना प्रसारित किया जा रहा है।
सीजेआई ने कहा कि जो कुछ हुआ वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था और उन्होंने स्पष्ट किया कि वह संबंधित लोगों के बारे में ऐसी बातें सोच भी नहीं सकते। उन्होंने कहा, “मेरी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया और उसका गलत इस्तेमाल किया गया। जो बात कही ही नहीं गई, उसे इस तरह पेश किया गया जैसे वह कही गई हो। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। खास तौर पर यह देश के युवाओं को गुमराह करने की एक बड़ी दुर्भावनापूर्ण कोशिश है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *