NASA: नासा ने अपने मून बेस प्रोग्राम में शामिल होने के लिए ISRO को किया आमंत्रित

NASA:  अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने आधिकारिक तौर पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को अपने मून बेस प्रोग्राम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। भारत-अमेरिका नागरिक अंतरिक्ष संयुक्त कार्य समूह (सीएसजेडब्ल्यूजी) की 9वीं बैठक के दौरान इसरो को ये निमंत्रण दिया गया।

अमेरिकी दूतावास ने एक बयान में कहा, “नासा ने इसरो को अपने मून बेस प्रोग्राम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है, जो आर्टेमिस समझौते के तहत दोनों देशों की साझेदारी पर आधारित है। दोनों पक्ष समझौते के तहत ओपन साइंटिफिक डेटा शेयरिंग में सहयोग के लिए बातचीत को आगे बढ़ाने पर भी सहमत हुए हैं।”

ये बैठक पाच से छह अगस्त को बेंगलुरू में इसरो के मुख्यालय में भारत द्वारा आयोजित की गई थी। इसरो प्रमुख और डिपार्टमेंट ऑफ स्पेस के सेक्रेटरी डॉ. वी. नारायणन और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बैठक के शुरुआती सत्र को संबोधित किया और दोनों देशों के बीच अंतरिक्ष सहयोग को और मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया।

बयान में कहा गया, “इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा फरवरी 2025 में जारी संयुक्त नेताओं के बयान के मुताबिक अमेरिका-भारत ‘ट्रांसफॉर्मिंग द रिलेशनशिप यूटिलाइजिंग स्ट्रैटेजिक टेक्नोलॉजी’ (ट्रस्ट) पहल के तहत नागरिक और व्यावसायिक अंतरिक्ष सहयोग को आगे बढ़ाया गया।”

बयान में आगे कहा गया है, “दोनों पक्षों ने पिछले साल नासा और इसरो के संयुक्त सिंथेटिक अपर्चर रडार (निसार) मिशन के सफल लॉन्च के बाद सहयोग बढ़ाने और भविष्य में विज्ञान तथा मानव अंतरिक्ष उड़ान तकनीक के क्षेत्र में मिलकर काम करने पर चर्चा की।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *