Abhishek Porel: पश्चिम बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार

Abhishek Porel: आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुके बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को हुगली जिले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ यौन संबंध बनाने का आरोप है। मंगलवार को एक अधिकारी ने ये जानकारी दी।

हुगली (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक कुनार भूषण सिंह ने पीटीआई वीडियो को बताया, “उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उन्हें गिरफ्तार करने का अदालती आदेश था। उन्हें कल देर रात गिरफ्तार किया गया। आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।” पोरेल को सोमवार देर रात मोगरा पुलिस ने गिरफ्तार किया और मंगलवार को उन्हें चिनसुराह की अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने क्रिकेटर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं (जिनमें धारा 69 भी शामिल है) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्स) के तहत मामला दर्ज किया है। कर्नाटक की एक महिला मेडिकल छात्रा ने 23 जून को मोगरा पुलिस स्टेशन में पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया कि वे लगभग साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे और उन्होंने शादी करने का फैसला किया था।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस की टीमें कई बार चंदननगर में पोरेल के घर गईं, लेकिन वे उन्हें वहां नहीं मिले, पोरेल और उनके परिवार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *